कुरुक्षेत्र में हड़ताल के बीच सफाई कर्मचारी की मौत, 2 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया; गम में डूबा परिवार

Edited By Harman, Updated: 07 Sep, 2026 11:39 AM

sanitation worker dies amidst strike in kurukshetra

कुरुक्षेत्र में नगर परिषद थानेसर के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच रविवार को सफाई कर्मचारी रोहित की अचानक मौत हो गई। परिजनों ने उसकी मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई है।

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : कुरुक्षेत्र में नगर परिषद थानेसर के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच रविवार को सफाई कर्मचारी रोहित की अचानक मौत हो गई। परिजनों ने उसकी मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई है। रोहित की मौत की सूचना मिलते ही साथी कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई और उन्होंने अपना धरना-प्रदर्शन कुछ समय के लिए रोक दिया। रोहित की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी शामिल हुए।

सुबह अचानक बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार 26 वर्षीय रोहित वशिष्ट कॉलोनी में किराए के मकान में परिवार के साथ रहता था। वह दो बच्चों का पिता था, जिनमें एक बेटा और एक बेटी है। परिजनों के मुताबिक रविवार सुबह रोहित सामान्य रूप से उठा था। कुछ देर बाद अचानक उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी। परिजन उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार ने हार्ट अटैक की आशंका जताई है।

शनिवार देर शाम तक धरने में बैठा था

सफाई कर्मचारी यूनियन के इकाई प्रधान सुनील लोहट ने बताया कि रोहित शनिवार देर शाम तक नगर परिषद कार्यालय के बाहर चल रहे धरने में साथियों के साथ मौजूद था। उनके मुताबिक सरकार की ओर से ड्यूटी ज्वाइन करने के अल्टीमेटम को लेकर रोहित काफी टेंशन में था। वह धरने के दौरान बार-बार यह चिंता जता रहा था कि उनकी नौकरी और भविष्य का क्या होगा। सुनील लोहट ने बताया कि रोहित लंबे समय से सफाई कर्मचारियों के साथ काम कर रहा था और हड़ताल के दौरान भी लगातार आंदोलन में शामिल रहा। उसकी मौत की सूचना मिलते ही कर्मचारियों ने नारेबाजी और धरना-प्रदर्शन रोक दिया और अंतिम यात्रा में शामिल होकर साथी कर्मचारी को अंतिम विदाई दी।

नरेश शास्त्री ने भी कर्मचारियों को किया था संबोधित

शनिवार देर शाम प्रदेश सफाई कर्मचारी नेता नरेश शास्त्री भी थानेसर नगर परिषद कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने धरने पर बैठे कर्मचारियों को संबोधित करते हुए एकजुट रहने और अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की अपील की थी।

12-13 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास पर प्रदर्शन

कर्मचारी नेताओं ने आंदोलन को प्रदेश स्तर पर आगे बढ़ाने की तैयारी की है। कर्मचारी संगठनों के अनुसार 12 और 13 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें सफाई कर्मचारियों के अलावा कर्मचारी, किसान और अन्य संगठनों के शामिल होने की बात कही गई है। रोहित की मौत से हड़ताल के बीच कर्मचारियों में शोक का माहौल है। हालांकि उसकी मौत का वास्तविक चिकित्सकीय कारण पोस्टमॉर्टम या मेडिकल जांच की रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!