Edited By Isha, Updated: 19 Jun, 2026 08:12 PM

हरियाणा कांग्रेस के संगठन और आगामी राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए आलाकमान जल्द ही बड़ा फैसला ले सकता है। राजस्थान कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा (Govind Singh Dotasara)
नई दिल्ली/चंडीगढ़: हरियाणा कांग्रेस के संगठन और आगामी राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए आलाकमान जल्द ही बड़ा फैसला ले सकता है। राजस्थान कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा (Govind Singh Dotasara) को हरियाणा कांग्रेस का नया अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) प्रभारी बनाया जाना लगभग तय माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस आलाकमान ने डोटासरा के नाम पर सहमति जता दी है और जल्द ही उनके नाम का आधिकारिक पत्र जारी किया जा सकता है। राजस्थान में संगठन को मजबूती देने और हालिया चुनावों में उनके आक्रामक रुख को देखते हुए पार्टी नेतृत्व उन्हें हरियाणा जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने का मन बना चुका है।
क्यों खाली हुआ हरियाणा प्रभारी का पद?
दरअसल, यह बदलाव एक बड़े सांगठनिक फेरबदल के तहत हो रहा है। कांग्रेस आलाकमान ने मौजूदा प्रभारी बीके हरिप्रसाद को कर्नाटक कांग्रेस का नया अध्यक्ष (KPCC Chief) नियुक्त किया है। बीके हरिप्रसाद को कर्नाटक में नई कमान मिलने के बाद से ही हरियाणा कांग्रेस प्रभारी का पद खाली हो गया था, जिसे भरने के लिए डोटासरा के नाम पर सबसे गंभीर मंथन चल रहा है।
हरियाणा में डोटासरा के सामने चुनौतियां
हरियाणा में आगामी राजनीतिक घटनाक्रमों और गुटबाजी को संतुलित करने के लिए आलाकमान को एक ऐसे कड़क और अनुभवी चेहरे की तलाश थी, जो संगठन को एकजुट रख सके। गोविंद सिंह डोटासरा जाट समुदाय से आते हैं और हरियाणा की राजनीति में इस वर्ग का बड़ा प्रभाव है, ऐसे में उनकी नियुक्ति के गहरे सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।