फौजी बेटे को स्टेशन छोड़ने आया था पिता, हमलावरों ने घात लगाकर उतार दिया मौत के घाट

Edited By Yakeen Kumar, Updated: 09 Jun, 2025 03:20 PM

father had come to his soldier son at the station

हरियाणा के रेवाड़ी में 2 भाइयों ने साथियों के साथ मिलकर फौजी के पिता को मौत के घाट उतार दिया। मृतक व्यक्ति बेटे को रेलवे स्टेशन पर छोड़कर घर लौटा था, इसी दौरान हमलावर पीछा करते हुए घर पहुंच गए।

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : हरियाणा के रेवाड़ी में 2 भाइयों ने साथियों के साथ मिलकर फौजी के पिता को मौत के घाट उतार दिया। मृतक व्यक्ति बेटे को रेलवे स्टेशन पर छोड़कर घर लौटा था, इसी दौरान हमलावर पीछा करते हुए घर पहुंच गए। उन्होंने व्यक्ति को गोली मारने के बाद सिर पर कुल्हाड़ी से दो-तीन वार भी किए। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक बीरेंद्र रेवाड़ी के गांव भाकली का रहने वाला था। उसके 2 बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी है। वह कोसली कस्बे में नाहड़ रोड पर सर्विस स्टेशन चलाता था।

जानकारी के मुताबिक बीरेंद्र ने 3 महीने पहले पड़ोस में रहने वाले दीपक को शादी में डांस करने से रोका था। यहीं से विवाद शुरू हुआ। अगले दिन दीपक ने अपने भाई भरत उर्फ राहुल के साथ मिलकर बीरेंद्र के साथ मारपीट की। बीरेंद्र ने कोसली थाना में इसका मुकदमा दर्ज करवाया। पुलिस ने मामले में आरोपियों को अरेस्ट किया था। जिसके चलते आरोपी नाराज चल रहे थे।

PunjabKesari

बेटे को छोड़ने स्टेशन गया था बीरेंद्र

रविवार (8 जून) को बीरेंद्र के भाई के यहां कुआं पूजन कार्यक्रम था। इसमें भी उसका आरोपियों के साथ झगड़ा हुआ। तब मामला शांत करवा दिया और सभी अपने-अपने घर चले गए, लेकिन दीपक और उसके भाई के दिमाग में कुछ और ही चल रहा था। इस कार्यक्रम में बीरेंद्र का बेटा पवन भी आया था। कार्यक्रम खत्म होने बाद बीरेंद्र पवन को घर से 2 किलोमीटर दूर कोसली रेलवे स्टेशन पर हिसार जाने के लिए छोड़ने गया था।

घर के बाहर मारी गोली

रात करीब 1 बजे बीरेंद्र अपने बेटे को छोड़कर घर वापस आ रहा था, तभी आरोपी भरत और दीपक ने साथियों के साथ गांव के श्मशान घाट से उसका पीछा किया। घर के बाहर पहुंचते ही उन्होंने बीरेंद्र पर हमला कर दिया। आरोपियों ने बीरेंद्र को पहले गोली मारी और फिर कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए।

बेटे पवन पर भी किया वार

PunjabKesari

बेटे पवन ने पिता बीरेंद्र के पास ये जानने के लिए फोन किया कि वह घर पहुंचे या नहीं। फोन पर जब बेटे को झगड़ा सुनाई दिया तो उसने घर की तरफ दौड़ लगाई। करीब 6-7 मिनट में घर पहुंचा तो बीरेंद्र को गोली लग चुकी थी। इस दौरान आरोपियों ने पवन के हाथ में भी डंडे से वार कर दिया और फिर फरार हो गए।

गेम्स के लिए आया था बेटा

मृतक का बेटा पवन स्पोर्ट्स कोटे से आर्मी में भर्ती हुआ था। जो कि हैंडबॉल का खिलाड़ी रहा है। पवन की तैनाती तोपखाना रेजिमेंट में है और पठानकोट में तैनात है। वर्तमान में हिसार कैंट में गेम्स के लिए आया हुआ था।

गांव के ही हैं आरोपी

कोसली थाना के SHO कश्मीर सिंह ने बताया कि 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मौके से 2 खाली खोल मिले हैं। आरोपियों में भरत और दीपक के अलावा राहुल उर्फ सीडी, बोहतवास का राहुल उर्फ बाबा, विनय और कुलदीप शामिल हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!