Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 02 May, 2026 01:19 PM

जन्मदिन की पार्टी करने आए दोस्तों की जान उस वक्त आफत में आ गई जब फार्म हाउस में बने स्वीमिंग पूल में नहाने के लिए जाने के दौरान एक युवक से गोली चल गई।
गुड़गांव,(ब्यूरो): जन्मदिन की पार्टी करने आए दोस्तों की जान उस वक्त आफत में आ गई जब फार्म हाउस में बने स्वीमिंग पूल में नहाने के लिए जाने के दौरान एक युवक से गोली चल गई। गोली बर्थ-डे बॉय को लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। घायल को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत देखते हुए मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही भोंडसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भोंडसी थाना प्रभारी की मानें तो अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि गोली कैसे चली और युवक को कैसे लगी। घायल अभी कुछ भी स्पष्ट तौर पर नहीं बता रहा है। मामले में अपराध शाखा जांच कर रही है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
भोंडसी थाना प्रभारी ने बताया कि धनवापुर निवासी चिकेश दहिया (26) अपना जन्मदिन बनाने के लिए दोस्तों के साथ भोंडसी के आरबीएमएस स्कूल के पास स्थित फिलोकासा फार्म हाउस पर गए थे। यहां वह जन्मदिन की पार्टी एन्जॉय कर रहे थे। इस दौरान वह सभी दोस्त मिलकर स्वीमिंग पूल में नहाने जा रहे थे। इसी दौरान जब चिकेश नहाने के लिए कपड़े उतार रहा था तो उस वक्त चिकेश के दोस्त गांव खांडसा निवासी बंटी ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकालकर मेज पर रखी। बताया जा रहा है कि अचानक ही रिवाल्वर से फायर हो गया और गोली चिकेश की छाती पर जा गली। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया और दोस्तों ने उससे आनन फानन में नजदीकि अस्पताल पहुंचाया। यहां उसकी हालत देखते हुए उसे मेंदाता अस्पताल रेफर कर दिया गया। मेदांता अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना अस्पताल से मिलते ही भोंडसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर घायल चिकेश का कहना है कि बन्टी और वह दोस्त हैं और उनकी कोई भी रंजिश नही है। इस सम्बन्ध में मै कोई भी बयान नही देना चाहता। डॉक्टरों का कहना है कि चिकेश अभी खतरे से बाहर है। फिलहाल मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। घायल चिकेश अभी स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं बता रहा है। मामले को जांच के लिए अपराध शाखा को सौंप दिया गया है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी बंटी व अन्य दोस्तों से पूछताछ की जा रही है।