संसद में कांग्रेस व विपक्षी पार्टियों का आचरण देश की महिलाओं के हृदय में शूल की तरह चुभ गया हैः सुधांशु त्रिवेदी

Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 24 Apr, 2026 05:34 PM

conduct of the congress and opposition parties has pierced the hearts of women

गुड़गांव के भाजपा कार्यालय गुरुकमल में पत्रकारवार्ता को संबाेधित कर रहे भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला शक्ति को समुचित स्थान और यथोचित सम्मान दिया है।

गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव के भाजपा कार्यालय गुरुकमल में पत्रकारवार्ता को संबाेधित कर रहे भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला शक्ति को समुचित स्थान और यथोचित सम्मान दिया है। उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियों की नारी विरोधी सोच के चलते नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम पास नहीं हो पाया। विपक्ष ने तालियां बजाकर, मेजें  थपथपाकर, हंसी उड़ाकर महिला शक्ति का अपमान किया। विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि संसद में विपक्ष के नेता जिस तरह से अट्ठास कर रहे थे वह किसी दानवी अट्ठास से कम नजर नहीं आ रहा था।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने मोदी सरकार की महिला सशक्तिकरण नीतियों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और अवसर देने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने जिस दिन से सत्ता संभाली है उसी दिन से महिला सशक्तिकरण के विभिन्न आयामों जैसे स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक स्वतंत्रता पर जोर दिया है। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सत्ता संभालने के बाद से ही महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है। केंद्र सरकार की कई योजनाएं सीधे तौर पर महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ा गया, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई। वहीं स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत बनाए गए शौचालयों ने महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा को सुनिश्चित किया है।


बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस अभियान ने समाज में बेटियों के प्रति सोच को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हरियाणा जैसे राज्यों में लिंगानुपात में सुधार इसका प्रमाण है। भाजपा सरकार आने से पहले हरियाणा में प्रति हजार लड़कों पर 834 लड़कियां थीं, वहीं अब यह आंकड़ा बढ़कर 923 तक पहुंच गया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से 12 करोड़ से अधिक महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है, जबकि देशभर में 10 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण और 15 करोड़ घरों तक नल से जल की सुविधा पहुंचाना भी महिलाओं के जीवन स्तर को सुधारने की दिशा में मोदी सरकार का बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के लाभार्थियों में बड़ी संख्या महिलाओं की है जो सरकार की नीतियों की सफलता को दर्शाता है।


सुधांशु त्रिवेदी ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम को विपक्ष की नकारात्मक सोच के कारण पारित नहीं किया जा सका। उन्होंने कहा संसद में विपक्षी नेताओं का व्यवहार महिलाओं के सम्मान के खिलाफ था। “सदन में जिस प्रकार से हंसी, ताली और उपहास किया गया वह नारी शक्ति का अपमान है। कांग्रेस व विपक्षी पार्टियों का यह आचरण देश की महिलाओं के हृदय में एक शूल की तरह चुभ गया है जिसका उचित समय आने पर विपक्ष को उचित जवाब महिला शक्ति देने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष समाज को बांटने की राजनीति कर रहा है और उत्तर-दक्षिण के बीच विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रहा है जोकि देशहित के खिलाफ है।
 

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि महिलाओं का लोकसभा और विधानसभा में जाने का अवसर था, लेकिन विपक्ष ने रोड़ा अटकाया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार महिलाओं को उनका हक देने के लिए प्रतिबद्ध है और उसे अंतिम परिणीति तक पहुंचाएगी। श्री त्रिवेदी ने कहा कि अभी अवसर चूका है, लेकिन अंतिम निर्णय बाकी है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अब विपक्ष कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं रह गया है। विपक्ष ने अक्षम्य अपराध किया है जिसको देश कभी नहीं भूलेगा।
 

प्रेसवार्ता के दौरान सुधांशु त्रिवेदी के साथ प्रदेश प्रवक्ता वैशाली तोमर, प्रदेश प्रशिक्षण सह प्रमुख रश्मि अग्रवाल, जिला सोशल मीडिया प्रमुख हीना शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष पूनम भटनागर, अलीशा तोमर, जिला सचिव निधि मल्होत्रा, कांता सेन, उपासना सचदेवा, शारदा शर्मा, जिला प्रवक्ता सुशीला कटारिया, प्रदेश के मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, जिला महामंत्री मनीष सैदपुर, जिला मीडिया सह प्रभारी राजन चौहान, पियुष सैनी, वरूण चौहान और मन की बात जिला संयोजक अजय दुआ आदि उपस्थित रहे। 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!