Edited By Manisha rana, Updated: 09 Mar, 2026 09:20 AM

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार किसान की मौके पर ही जान चली गई।
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार किसान की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान 39 वर्षीय राजीव कुमार निवासी गांव डीग के रूप में हुई है। राजीव खेती-बाड़ी का काम करता था और 7-8 मार्च की रात अपने खेतों में पानी देने के लिए गया हुआ था। पुलिस को दी शिकायत में कुलवंत सैनी (54) निवासी डीग ने बताया कि उनके खेत छपरी रोड पर स्थित हैं। 7-8 मार्च की रात वह भी खेतों में पानी देने के बाद घर लौट रहे थे। रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच जब वह गुला फैक्ट्री के पास पहुंचे तो सामने से एक बाइक धीमी रफ्तार से उन्हें क्रॉस कर आगे निकल गई। उसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार कार (HR14F-8059) ने उस बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क किनारे बिजली के टूटे खंभे से जा टकराया, जबकि बाइक सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकराकर गिर गई। कुलवंत सैनी ने तुरंत अपनी बाइक रोकी और दौड़कर घायल बाइक सवार को संभाला। पास जाकर देखा तो वह उनका सगा भतीजा राजीव कुमार था। इस बीच टक्कर मारने के बाद आरोपी कार चालक डीग गांव की ओर भाग गया। परिवार के लोगों को सूचना दी गई, लेकिन जब तक वे मौके पर पहुंचे तब तक राजीव कुमार की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने राजीव कुमार के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)