Edited By Krishan Rana, Updated: 10 Aug, 2026 08:06 PM

कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र के गांव रतनगढ़ में घर के बाहर बैठी एक बुजुर्ग महिला से बाइक सवार युवक सोने की बाली झपटकर
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र के गांव रतनगढ़ में घर के बाहर बैठी एक बुजुर्ग महिला से बाइक सवार युवक सोने की बाली झपटकर फरार हो गया। बाली खींचने से महिला के कान में गंभीर चोट आई और कान फट गया। परिजनों ने घायल महिला को शाहाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने उसके कान पर 8 टांके लगाए।
अस्पताल में उपचाराधीन बुजुर्ग महिला जोगिंद्रा देवी ने बताया कि वह घर के बाहर बैठी हुई थी। इसी दौरान बाइक पर एक युवक वहां पहुंचा। युवक ने उससे पूछा कि वह यहां क्यों खड़ा है और बताया कि वह पिपली से आया है तथा गांव में उसका कोई जानकार आने वाला है। कुछ देर बाद उसने पीने के लिए पानी मांगा।
महिला ने बताया कि वह पानी देने के लिए घर के अंदर जाने लगी तो युवक ने मौका पाकर उसके कान में पहनी सोने की बाली पर झपटा मार दिया। आरोपी ने इतनी जोर से बाली खींची कि उसका कान फट गया और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गई। इसके बाद आरोपी उसे धक्का देकर बाइक से फरार हो गया।
आसपास के लोगों ने किया पीछा
महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ने के लिए उसका पीछा भी किया, लेकिन वह बाइक लेकर तेज गति से नेशनल हाईवे की ओर फरार हो गया। परिजनों ने घायल महिला को तुरंत शाहाबाद के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उपचार करते हुए कान पर 8 टांके लगाए।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। थाना शाहाबाद के SHO जगदीश कुमार ने बताया कि बुजुर्ग महिला से बाली झपटने की शिकायत मिली है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)