Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 12 Oct, 2026 08:00 PM

सेक्टर-29 इलाके में अप्पू घर के सामने एक ऑटो रिक्शा चालक का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-29 इलाके में अप्पू घर के सामने एक ऑटो रिक्शा चालक का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कंपनी से ऑटो का काम छूटने की रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। मृतक की पहचान 52 वर्षीय अरविंद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के विरलानगर के रहने वाले थे और वर्तमान में गुरुग्राम के हीरानगर में रह कर ऑटो रिक्शा चलाते थे।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
जानकारी के मुताबिक, थाना सेक्टर-29 पुलिस को नौ अक्तूबर को सूचना मिली थी कि अप्पू घर के सामने एक व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सीन-ऑफ-क्राइम व फिंगरप्रिंट टीमों से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया। इसके बाद शव को शिनाख्त और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया। घटना के बाद 12 अक्तूबर को मृतक के भाई ने थाने पहुंचकर शव की शिनाख्त अपने भाई अरविंद के रूप में की। उन्होंने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनका भाई परिवार से अलग गुरुग्राम में रहकर ऑटो चलाता था और किसी ने उसकी हत्या करके शव को झाड़ियों में फेंका है। इस शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-29 में संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर-29 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोमवार को ही दो आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश मंडल उर्फ मक्कड़ निवासी दरभंगा, बिहार और गणेश कुमार उर्फ कल्लू निवासी ग्वालियर, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक अरविंद, आरोपी मुकेश मंडल का ऑटो एक कंपनी में चलाया करता था। मृतक नशा करने का आदी था और समय पर कंपनी के कर्मचारियों को लाने-ले जाने का काम नहीं करता था, जिसके चलते मुकेश का ऑटो कंपनी से छूट गया था। इसके अलावा अरविंद अक्सर मुकेश के साथ गाली-गलौज भी करता था। इसी रंजिश के कारण 8 अक्तूबर 2026 को आरोपी मुकेश और उसके साथी ने मिलकर अरविंद की गला घोंटकर खांडसा के पास हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को सेक्टर-29 पार्किंग के पास झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।