Edited By Krishan Rana, Updated: 12 Oct, 2026 07:37 PM

हरियाणा में उबर कैब लूटने के मामले में पुलिस ने जिला पार्षद के बेटे समेत 4 को
रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : रेवाड़ी में उबर कैब लूटने के मामले में पुलिस ने जिला पार्षद के बेटे समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 10 अक्टूबर की रात लूट की साजिश रचकर शहर के पोसवाल चौक से कैब बुक की थी। इसके बाद गांव डालियाकी के पास चालक को गाड़ी से बाहर फेंककर कैब और 20 हजार रुपये लूट लिए।
रेवाड़ी की एएसपी आईपीएस दीपिका अग्रवाल ने प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, जिला पार्षद रेखा भाड़ावास के बेटे जतिन ने अपने साले और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी। रेखा भाड़ावास केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की समर्थक मानी जाती हैं। बताया जा रहा है कि बेटे की हरकतों के चलते उन्होंने उसे पहले ही बेदखल कर दिया था।
कैब लूटने के बाद चारों आरोपी मानेसर पहुंच गए और वहां एक होटल में ठहरे। बाद में उन्होंने लूटी गई गाड़ी को मानेसर में ही छोड़ दिया और दूसरी कैब बुक करके रेवाड़ी लौटने लगे। इधर, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दूसरी कैब से रेवाड़ी लौट रहे चारों आरोपियों को रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)