Edited By Krishan Rana, Updated: 12 Oct, 2026 02:50 PM

फरीदाबाद पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए MDMA ड्रग्स की खरीद-फरोख्त और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क
फरीदाबाद (अनिल राठी): फरीदाबाद पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए MDMA ड्रग्स की खरीद-फरोख्त और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने दक्षिण अफ्रीका के नागरिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे और मामले से जुड़े खुलासे के आधार पर पुलिस ने 126.96 ग्राम MDMA बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी संगम दक्षिण अफ्रीकी नागरिक से ड्रग्स खरीदकर छोटी-छोटी मात्रा में बेचता था। वहीं, नोएडा के बिसरख निवासी विनित ने भी संगम से MDMA खरीदकर आगे बेचने के लिए लिया था।
सूरजकुंड-अनखीर रोड पर पकड़ा गया आरोपी
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को अपराध शाखा बॉर्डर की टीम को गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने सूरजकुंड-अनखीर रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति को काबू किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 126.96 ग्राम MDMA बरामद हुआ। आरोपी की पहचान फरीदाबाद के गांव दयालपुर निवासी संगम के रूप में हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना सूरजकुंड में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
दक्षिण अफ्रीकी नागरिक से खरीदता था ड्रग्स
पुलिस ने संगम को अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। पूछताछ में सामने आया कि वह नोएडा में रह रहे दक्षिण अफ्रीकी नागरिक ओडेकामरा से MDMA खरीदकर लाया था और उसे कम मात्रा में बेचकर मुनाफा कमाता था। जांच में यह भी सामने आया कि नोएडा के बिसरख निवासी विनित ने संगम से करीब चार ग्राम MDMA खरीदा था, जिसे वह आगे बेचने की फिराक में था।
इसके बाद अपराध शाखा की टीम ने कार्रवाई करते हुए 11 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीकी नागरिक ओडेकामरा और विनित को भी गिरफ्तार कर लिया।
2023 में समाप्त हो गया था विदेशी नागरिक का वीजा
पुलिस जांच के अनुसार, दक्षिण अफ्रीका निवासी ओडेकामरा वर्ष 2019 में स्टडी वीजा पर भारत आया था। उसका वीजा वर्ष 2023 में समाप्त हो गया था, लेकिन इसके बाद भी वह नोएडा में रह रहा था। पुलिस अब उससे ड्रग्स की खरीद-फरोख्त, सप्लाई नेटवर्क और इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, संगम और विनित को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि ओडेकामरा को आगे की पूछताछ के लिए पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। फरीदाबाद पुलिस मामले में नशीले पदार्थ की सप्लाई के स्रोत, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और तस्करी के दूसरे पहलुओं की जांच कर रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)