आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर आत्मदाह करने सीपी ऑफिस गेट पर पहुंची रेप पीडि़ता, पुलिस ने ऐसी घटना के बारे में किया मना

Edited By Gaurav Tiwari, Updated: 30 Apr, 2026 08:38 PM

rape victim reaches cp office gate to commit suicide demanding arrest of accused

पुलिस आयुक्त कार्यालय के गेट पर वीरवार की दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक रेप पीडि़ता ने कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास किया।

गुडग़ांव, ब्यूरो : पुलिस आयुक्त कार्यालय के गेट पर वीरवार की दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक रेप पीडि़ता ने कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास किया। पीडि़ता पेट्रोल की बोतल और माचिस लेकर सीपी कार्यालय के गेट पर पहुंची और खुद पर पेट्रोल डाल लिया। गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को आत्मदाह करने से रोका और उसे शांत किया। वहीं पीडि़ता द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया एक वीडियो वायरल हो रहा है, जो भले ही स्पष्ट न हो, लेकिन उसकी चीखें साफ सुनी जा सकती हैं।


सीपी कार्यालय के गेट पर पहुंचने से पहले पीडि़ता ने एक वीडियो भी बनाया था। जिसमें वह हाथ में बोतल लिए हुए दिख रही है। वीडियो में उसने बताया कि वह रेप पीडि़ता है। पानीपत के एक युवक ने उसके साथ रेप किया था। उसने सेक्टर 51 में एफआईआर दर्ज कराई है, लेकिन चार महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। आरोपी अभी भी फरार है और खुलेआम घूम रहा है। इसके अलावा, आरोपी का परिवार और उनके गुंडे महिला व उसके परिवार को केस वापस लेने के लिए धमका रहे हैं। अब मौत ही एकमात्र रास्ता बचा है। इसलिए वह सुसाइड करने के लिए पुलिस दफ्तर जा रही है।
वहीं इस केस में पुलिस ने पूरी तरह से चुप्पी साध रखी है। पूछे जाने पर एक अधिकारी ने ऐसी किसी भी घटना से साफ इनकार कर दिया। कई बार कोशिश करने के बावजूद पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा से संपर्क नहीं हो सका।


पुलिस प्रवक्ता का कहना:
पुलिस प्रवक्ता संदीप का कहना है कि वीरवार को युवती पुलिस कमिश्नर ऑफिस नहीं पहुंची। उन्होंने कहा कि युवती की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाई गई है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!