शाहबाद के चनारथल में बड़ा हादसा: स्कूल वैन को रास्ता देते समय ट्रांसफार्मर की चपेट में आया मजदूर; मौके पर तोड़ा दम

Edited By Harman, Updated: 19 May, 2026 05:09 PM

worker was hit by a transformer while giving way to a school van in shahabad

शाहबाद के गांव चनारथल में सोमवार सुबह करीब 6 बजे दर्दनाक हादसा हो गया, जहां सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे और नीचे लगे ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से 50 वर्षीय मजदूर बलविंदर की मौत हो गई। ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को...

शाहबाद (रणदीप रोर) : शाहबाद के गांव चनारथल में सोमवार सुबह करीब 6 बजे दर्दनाक हादसा हो गया, जहां सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे और नीचे लगे ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से 50 वर्षीय मजदूर बलविंदर की मौत हो गई। ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।

ग्रामीणों के अनुसार बलविंदर खेतों में स्प्रे और खाद डालने का काम करता था। उसके परिवार में दो बेटे हैं, जो मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बताया जा रहा है कि आज सुबह बलविंदर खेत से घर लौट रहा था। इसी दौरान गली में खड़े ट्रांसफार्मर के पास से गुजरते समय वह स्कूल वैन को रास्ता देने लगा, तभी करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में पिछले करीब एक साल से बिजली व्यवस्था को लेकर समस्या बनी हुई है। उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर और फ्यूज काफी नीचे लगाए गए हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार बिजली विभाग को शिकायत दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बीती रात करीब 1 बजे से बिजली गुल थी। फ्यूज उड़ने के कारण सप्लाई बंद हो गई थी और एक फेस जो पिछले1 साल से डायरेक्ट किया हुआ है। लोगों का कहना है कि रात के समय लाइनमैन को सूचना दी गई, लेकिन उसने सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक ड्यूटी होने की बात कहकर टाल दिया।

हादसे के कई घंटे बाद तक मौके पर बिजली विभाग, प्रशासन या पुलिस का कोई अधिकारी नहीं पहुंचा, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों ने मांग की है कि ट्रांसफार्मर और फ्यूज को ऊंचाई पर लगाया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। उनका कहना है कि नीचे लगे फ्यूज और खुले तार बच्चों के लिए भी बड़ा खतरा बने हुए हैं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!