Edited By Isha, Updated: 08 Apr, 2026 04:57 PM

जिला मुख्यालय स्थित राजकीय बहुतकनीकी संस्थान (पॉलिटेक्निक) में पिछले काफी समय से चल रहे विवाद पर तकनीकी शिक्षा निदेशालय ने सख्त रुख अपनाया है। छात्रा द्वारा एक कंप्यूटर लेक्चरर पर लगाए गए मानसिक प्रताड़ना और शोषण के गंभीर आरोपों के बाद, निदेशालय ने...
झज्जर: जिला मुख्यालय स्थित राजकीय बहुतकनीकी संस्थान (पॉलिटेक्निक) में पिछले काफी समय से चल रहे विवाद पर तकनीकी शिक्षा निदेशालय ने सख्त रुख अपनाया है। छात्रा द्वारा एक कंप्यूटर लेक्चरर पर लगाए गए मानसिक प्रताड़ना और शोषण के गंभीर आरोपों के बाद, निदेशालय ने संस्थान के दो प्राध्यापकों का झज्जर से तबादला कर दिया है।
यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब संस्थान की एक छात्रा ने कंप्यूटर लेक्चरर पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और शोषण करने के आरोप लगाए। इस शिकायत के बाद संस्थान के भीतर और बाहर काफी हंगामा हुआ था। छात्रा के पक्ष और आरोपी पक्ष के बीच लंबे समय से रस्साकशी चल रही थी, जिससे संस्थान का शैक्षणिक माहौल भी प्रभावित हो रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी शिक्षा निदेशालय ने उच्च स्तरीय जांच बैठाई थी। जांच के दौरान संस्थान के बिगड़ते माहौल और आपसी खींचतान को देखते हुए प्रशासन ने यह अनुशासनात्मक कदम उठाया है। दो प्राध्यापकों को तुरंत प्रभाव से झज्जर से हटाकर दूसरे केंद्रों पर स्थानांतरित कर दिया गया है। निदेशालय का लक्ष्य संस्थान में शांति बहाल करना और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना है।
संस्थान के माहौल पर असर
इस कार्रवाई के बाद संस्थान के अन्य स्टाफ और छात्रों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। लंबे समय से चल रहे इस विवाद के कारण पढ़ाई का माहौल खराब हो रहा था। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या प्रताड़ना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई भी अमल में लाई जा सकती है।