Edited By Isha, Updated: 13 Feb, 2026 05:36 PM
होली पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ और मांग को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तीन होली विशेष ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। इसमें पहली ट्रेन बढ़नी से अमृतसर, दूसरी मऊ से अंबाला कैंट और तीसरी कटिहार से
अंबाला: होली पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ और मांग को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तीन होली विशेष ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। इसमें पहली ट्रेन बढ़नी से अमृतसर, दूसरी मऊ से अंबाला कैंट और तीसरी कटिहार से अमृतसर के बीच चलेगी। इन ट्रेनों का संचालन मार्च में किया जाएगा ताकि यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
अंबाला मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक नवीन कुमार ने बताया कि इन ट्रेनों के माध्यम से बिहार, उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और गुजरात जैसे राज्यों के बीच यात्रा सुगम होगी। इन सभी होली स्पेशल ट्रेनों में शयनयान, सामान्य द्वितीय श्रेणी, वातानुकूलित श्रेणियों सहित पर्याप्त संख्या में कोच लगाए गए हैं ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को सुविधा मिल सके।
ट्रेन नंबर 05005 बढ़नी से चार से 25 मार्च तक प्रत्येक बुधवार को दोपहर 3:10 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:12 बजे अंबाला कैंट और सुबह 9:30 बजे अमृतसर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 05006 अमृतसर से पांच से 26 मार्च तक प्रत्येक वीरवार को दोपहर 12:45 बजे रवाना होकर शाम 4:40 बजे अंबाला कैंट और अगले दिन सुबह 8:15 बजे बढ़नी पहुंचेगी। बीच रास्ते ट्रेन का ठहराव दोनों दिशाओं में ब्यास, जालंधर सिटी, ढंढारी कलां, अंबाला कैंट, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, बुढ़ावल, गोंडा, बलरामपुर व तुलसीपुर में होगा।
ट्रेन नंबर 05301 का संचालन से 5 से 26 मार्च तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को किया जाएगा। ट्रेन मऊ जंक्शन से सुबह 4 बजे प्रस्थान करके दूसरे दिन रात 12.30 बजे अंबाला कैंट पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 05302 का संचालन 6 से 27 मार्च तक किया जाएगा। अंबाला कैंट से ट्रेन रात 1:40 बजे प्रस्थान करके अगले दिन रात 11 बजे मऊ जंक्शन पहुंचेगी। बीच रास्ते दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव बेल्थरा रोड, भटनी, देवरिया सदर, गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, मनकापुर, गोंडा, बुढ़वल, सीतापुर जंक्शन, बरेली, मुरादाबाद, गाजियाबाद, दिल्ली, सोनीपत व पानीपत रेलवे स्टेशनों पर होगा।
रेलवे ने होली विशेष ट्रेन संख्या 05735/05736 कटिहार-अमृतसर-कटिहार के संचालन का फैसला किया है। कटिहार से ट्रेन नंबर 05735 का संचालन 18 फरवरी से 25 मार्च तक प्रत्येक बुधवार को रात्रि 9 बजे होगा और तीसरे दिन सुबह 9:45 बजे ट्रेन अमृतसर पहुंचेगी। वापसी में अमृतसर से ट्रेन नंबर 05736 का संचालन 20 फरवरी से 27 मार्च तक प्रत्येक शुक्रवार को दोपहर 1:25 बजे होगा और तीसरे दिन रात 11:45 बजे कटिहार पहुंचेगी। ट्रेन का ठहराव पूर्णिया, अररिया, फारबिसगंज, ललितग्राम, राघोपुर, सरायगढ़, निर्मली, झंझारपुर, सकरी, दरभंगा, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, कप्तानगंज, गोरखपुर बस्ती, गोंडा, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, बक्सर, रुड़की, सहारनपुर, अंबाला, छावनी राजपुरा, ढंडारी कलां (लुधियाना), जालंधर व्यास स्टेशन पर दोनों दिशाओं में होगा।