Edited By Manisha rana, Updated: 17 Jun, 2026 08:25 AM

अंबाला शहर की पुरानी सब्जी मंडी में जर्जर इमारत की दुकान के बाहर का लेंटर अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे के वक्त वहां काम कर रहे 3 लोग मलबे की चपेट में आ गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
अंबाला (अमन कपूर) : अंबाला शहर की पुरानी सब्जी मंडी में जर्जर इमारत की दुकान के बाहर का लेंटर अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे के वक्त वहां काम कर रहे 3 लोग मलबे की चपेट में आ गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन तुरंत हरकत में आया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया और युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। मलबे में दबे तीन लोगों में से दो सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि राकेश कुमार नाम का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मुस्तैदी से घायल राकेश को तुरंत मलबे से निकालकर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

डॉक्टरों के मुताबिक उसके सिर पर चोटें आई हैं लेकिन उसकी हालत अब खतरे से बाहर है। मौके पर पहुंची कोतवाली थाना प्रभारी सुनीता ढाका ने बताया यह बिल्डिंग बिल्कुल जर्जर थी और यह तीनों लोग यूपी के रहने वाले थे जो यहाँ सब्जी की रेहड़ी लगाते थे। नगर निगम से इस बिल्डिंग के मालिक का पता लगाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसा हादसा न हो, इसके लिए सभी जर्जर बिल्डिंगों को खाली कराया जाएगा।
वहीं मौके पर हादसे की सूचना के बाद भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। जिसके चलते पुलिस को रेस्क्यू ऑपरेशन में खासी दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा। मौके पर पूर्व मंत्री असीम गोयल के निजी सचिव व इलाका पार्षद भी पहुंचे। हादसे पर खेद जताते हुए प्रशासन को जर्जर इमारतों का ब्यौरा इकट्ठा कर खाली करवाने की गुहार लगाई।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)