Edited By Krishan Rana, Updated: 29 Apr, 2026 02:48 PM

हांसी शहर में गिगल देवी अस्पताल के नजदीक स्थित दुर्गा माता मंदिर में चोरी की घटना
हांसी (संदीप सैनी) : हांसी शहर में गिगल देवी अस्पताल के नजदीक स्थित दुर्गा माता मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर दानपात्र, इनवर्टर और बैटरी चुरा ली। चोरी का पता बुधवार सुबह तब चला जब पुजारी पूजा करने के लिए मंदिर आए। मंदिर के पुजारी वेद शर्मा ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 8 बजे उन्होंने मंदिर का मुख्य गेट बंद किया था।
बुधवार सुबह लगभग 6 बजे जब वह मंदिर पहुंचे, तो गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर देखने पर मंदिर का सामान बिखरा हुआ था और दानपात्र खाली पड़ा था। चोरों ने दानपात्र में रखी नकदी के साथ-साथ दुर्गा माता की मुख्य मूर्ति के सामने चढ़ावे के रूप में रखे पैसे भी चुरा लिए। इसके अतिरिक्त, मंदिर में कुछ समय पहले लगाया गया इनवर्टर और उसकी बैटरी भी चोरी हो गई। इनवर्टर और बैटरी जमीन से लगभग 8 फीट की ऊंचाई पर रखे थे, जिन्हें उतारने के लिए चोरों ने मंदिर में रखे 3 फीट ऊंचे लोहे के बेंच का इस्तेमाल किया।
मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होने के कारण चोरी की घटना का कोई फुटेज उपलब्ध नहीं है। हालांकि, पुलिस आसपास की दुकानों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग मिल सके। घटना की सूचना मिलने पर बस स्टैंड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुजारी वेद शर्मा ने बताया कि मंदिर में पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अभी तक आरोपी पकड़े नहीं गए हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी मंदिर की सुरक्षा बढ़ाने की मांग उठाई है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)