Edited By Manisha rana, Updated: 15 May, 2026 01:58 PM

हिसार के सेक्टर-13 में हुए टीचर सोनिया हत्याकांड को लेकर शुक्रवार को नागोरी गेट पर सामाजिक संगठनों ने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने तंबू गाड़कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोपी पति सौरभ की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई।
हिसार (विनोद सैनी) : हिसार के सेक्टर-13 में हुए टीचर सोनिया हत्याकांड को लेकर शुक्रवार को नागोरी गेट पर सामाजिक संगठनों ने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने तंबू गाड़कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोपी पति सौरभ की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई। सामाजिक संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपी को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा और लघु सचिवालय पर स्थायी धरना शुरू किया जाएगा।
15 दिन पहले हुई थी घटना
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बजरंग दास गर्ग ने कहा कि घटना को 15 दिन बीत चुके हैं। लेकिन आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की कई टीमें लगी होने के बावजूद आरोपी लगातार बच निकल रहा है। उनके अनुसार आरोपी की लोकेशन दिल्ली में मिली थी। लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
वहीं लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि पुलिस की नाकामी साफ नजर आ रही है। अभी तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस 15 दिन का समय मांग रही है। सोनिया की हत्या को भी 15 दिन बीत गए, लेकिन पुलिस के हाथ खाली है। हम पुलिस प्रशासन से मांग करते है कि जल्दी से आरोपी को पकड़ा जाए और सोनिया को न्याय दिलाया जाए।
सोनिया की बहन शालू का कहना है कि पुलिस कोई भी कार्यवाही नहीं की है। आज सभी संगठन यह इकट्ठा हुए है। पुलिस 15 दिन का समय मांग रही है। पुलिस से अब विश्वास उठ गया है। जो काम पहले होना चाहिए था वो तीन दिन बाद शुरू हुआ है। पुलिस 15 दिन मांग रही है। 15 दिन तो हो चुके है और 15 दिन की बात कर रही है। क्या पुलिस गारंटी के साथ बोल सकती है कि 15 दिन में पकड़ लाएंगे। क्या पुलिस आरोपी को जनता के सामने ले आएगी। शालू ने कहा कि कही न कही कमी जरूर है। हर कोई बीबी का कत्ल करेगा और भाग जाएगा। हम मांग करते हैं कि सोनिया को न्याय मिलना चाहिए।
जानें क्या है पूरा मामला
बता दें कि 1 मई को सेक्टर-13 निवासी टीचर सोनिया की हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि उसके पति सौरभ आनंद ने प्रेस की तार से गला घोंटकर उसकी हत्या की और मौके से फरार हो गया। सोनिया और सौरभ की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी और उनकी एक 8 साल की बेटी भी है। घटना के बाद परिजनों ने जब सोनिया से संपर्क करने की कोशिश की तो फोन नहीं उठाया गया। इसके बाद परिवार के लोग घर पहुंचे, जहां सोनिया कमरे में मृत अवस्था में मिली। परिजनों का आरोप है कि इस हत्या में सौरभ के परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हो सकते हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)