Edited By Harman, Updated: 16 Jul, 2026 05:08 PM

सोनीपत में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। गांव शाहपुर तुर्क में कूड़ा डालने गई एक महिला की तालाब में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
सोनीपत (सन्नी मलिक) : सोनीपत में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। गांव शाहपुर तुर्क में कूड़ा डालने गई एक महिला की तालाब में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए लापरवाही के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब की सफाई और पानी निकासी की समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। महिला की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव शाहपुर तुर्क निवासी सुमित्रा घर का कूड़ा डालने के लिए गांव के तालाब के पास गई थी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह तालाब में जा गिरी। जब तक आसपास के लोग उसे बाहर निकालते, तब तक उसकी डूबने से मौत हो चुकी थी।हादसे की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए नगर निगम की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि गांव में नियमित रूप से सफाई कर्मचारियों को नहीं भेजा जाता। तालाब की सफाई और पानी निकासी को लेकर कई बार अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि तालाब पहले भी हादसों का कारण बन चुका है। उनके अनुसार इससे पहले भी कई गाय तालाब में डूबकर अपनी जान गंवा चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद हालात सुधारने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते पानी निकासी और सुरक्षा के इंतजाम किए जाते तो शायद आज एक महिला की जान बच सकती थी।सूचना मिलते ही सेक्टर-27 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल भिजवा दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।