Edited By Isha, Updated: 24 Sep, 2026 07:52 AM

हरियाणा की डायल 112 सेवा और अंबाला के नग्गल थाना पुलिस की मुस्तैदी से पंजाब से किडनैप किए गए एक ट्रक ड्राइवर को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। वाहनों की मामूली टक्कर के बाद उपजे विवाद में एक निजी स्लीपर बस के ड्राइवर
अंबाला(अमन): हरियाणा की डायल 112 सेवा और अंबाला के नग्गल थाना पुलिस की मुस्तैदी से पंजाब से किडनैप किए गए एक ट्रक ड्राइवर को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। वाहनों की मामूली टक्कर के बाद उपजे विवाद में एक निजी स्लीपर बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने ट्रक चालक को बंधक बना लिया था। पुलिस ने टोल प्लाजा पर नाकाबंदी कर संदिग्ध बस को रोका और चालक को उनके चंगुल से छुड़ाया। मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना पंजाब के रोपड़ इलाके की है।
अमृतसर की तरफ जा रहे एक ट्रक से राम दलाल टूरिस्ट कंपनी की स्लीपर बस की साइड से टक्कर हो गई, जिससे बस का शीशा टूट गया। इस बात को लेकर बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने आपा खो दिया और ट्रक चालक के साथ जमकर मारपीट की। आरोपी उसका मोबाइल फोन छीनकर उसे जबरन बस (UK-07PA-6572) में बैठाकर चंडीगढ़ के रास्ते जयपुर की ओर रवाना हो गए।
घटना की भनक लगते ही ट्रक ड्राइवर ने किसी तरह अपने मालिक को इसकी जानकारी दी। ट्रक मालिक ने बस चालकों को नुकसान की भरपाई (मुआवजा) करने का प्रस्ताव दिया, लेकिन आरोप है कि बस स्टाफ ने ट्रक मालिक का फोन उठाना बंद कर दिया और ड्राइवर से भी बात नहीं होने दी।
इसके बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रक मालिक ने अंबाला में अपने एक परिचित के जरिए तुरंत डायल 112 पर शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही डायल 112 और नग्गल थाना पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई। पुलिस टीम ने तुरंत टोल प्लाजा पर नाकेबंदी की और जैसे ही संदिग्ध बस वहां पहुंची, उसे रुकवाकर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान बस के अंदर से अपहृत ट्रक ड्राइवर सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बस को जब्त करते हुए आरोपी ड्राइवर और कंडक्टर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।