Samalkha Triple Murder Case : CIA-1 ने मामले का मुख्य आरोपी दबोचा, पुलिस रिमांड दौरान कई राज खुलने की उम्मीद

Edited By Krishan Rana, Updated: 13 Jun, 2026 04:24 PM

samalkha triple murder case cia 1 nabs the prime accused several secrets expec

समालखा क्षेत्र के गांव डिकाडला में स्कॉर्पियो से कुचलकर तीन युवकों की मौत के चर्चित मामले में पुलिस

समालखा (विनोद लाहोट) : समालखा क्षेत्र के गांव डिकाडला में स्कॉर्पियो से कुचलकर तीन युवकों की मौत के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीआईए-वन की टीम ने मामले के मुख्य आरोपी मनीष को गिरफ्तार कर शनिवार को समालखा अदालत में पेश किया, जहां से उसे 10 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात हुई इस घटना में तीन दोस्तों की मौत हो गई थी। मृतकों के परिजनों की शिकायत पर हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच कर रही सीआईए-वन टीम ने आरोपी मनीष को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो को पुलिस पहले ही कब्जे में ले चुकी है। वहीं जांच के दौरान घटनास्थल के निकट पंचायत द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी जब्त किया गया है, जिसकी तकनीकी जांच कराई जा रही है। पुलिस का मानना है कि इससे घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।

शनिवार सुबह से ही समालखा अदालत परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। सीआईए-वन के एसआई अंग्रेज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत लेकर पहुंची। ड्यूटी मजिस्ट्रेट प्रतिभा महला की अदालत ने आरोपी को 10 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजते हुए जांच आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। जांच एजेंसियां घटना के दौरान मौजूद अन्य संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कई सवालों के जवाब अभी बाकी
घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच अभी भी कई तरह की चर्चाएं हैं। कुछ ग्रामीणों का दावा है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के पीछे एक अन्य सफेद रंग का वाहन भी देखा गया था। वहीं सीसीटीवी फुटेज में एक बाइक पर दो युवक भी दिखाई देने की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे क्षेत्र की नजर अब पुलिस जांच और आगामी खुलासों पर टिकी हुई है।  

 (पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)               

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!