फंदे से लटका मिला युवती का शव, ताऊ ने लिव-इन पार्टनर पर तो मामा ने ताऊ पर लगाए हत्या करने के आरोप

Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 26 Sep, 2026 06:02 PM

sales executive dead in suspect circumstances in gurgoan

सदर थाना एरिया के हंस एन्कलेव में युवती का शव फंदे से लटका मिला है। पुलिस को युवती के आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस को मृतका के प्रेमी ने आत्महत्या किए जाने की बात कही।

गुड़गांव, (ब्यूरो): सदर थाना एरिया के हंस एन्कलेव में युवती का शव फंदे से लटका मिला है। पुलिस को युवती के आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस को मृतका के प्रेमी ने आत्महत्या किए जाने की बात कही। वहीं, मौके पर पहुंचे ताऊ ने मृतका के प्रेमी पर हत्या कर शव लटकाए जाने के आरोप लगाए हैं। उधर, सूचना मिलने के बाद गुड़गांव पहुंचे मृतका के मामा ने ताऊ पर युवती की हत्या करने अथवा करवाने के आरोप लगाए हैं ताकि युवती के नाम आने वाली उसके पिता की जमीन को हड़पा जा सके। वहीं, शनिवार दोपहर को मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसकी सुपुदर्गी लेने को लेकर मृतका के ताऊ और मामा के बीच भी विवाद हो गया। करीब तीन घंटे तक सदर थाना पुलिस की मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को समझाया गया और शव को मृतक के ताऊ के सुपुर्द किया गया ताकि उसका अंतिम संस्कार किया जा सके। वहीं, पुलिस ने मृतक के ताऊ और मामा दोनों से ही शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर सज्जन सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से एटा उत्तर प्रदेश के रहने वाले राजीव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी भतीजी 22 वर्षीय तनिष्का राठौर गुड़गांव के हंस एन्कलेव स्थित महादेव पीजी में रहती थी और सेक्टर-48 की एक कंपनी में बतौर सेल्स एग्जीक्यूटिव कार्य करने के साथ ही स्टाफ सिलेक्शन बोर्ड की परीक्षा की तैयारी कर रही थी। करीब दो महीने पहले वह अपनी बहन के घर से पीजी में शिफ्ट हुई थी। यहां उन्हें पता लगा कि वह लिव-इन रिलेशनशिप में एटा उत्तर प्रदेश के रहने वाले चंदन शर्मा के साथ रह रही थी। शुक्रवार को उन्हें पुलिस से सूचना मिली कि तनिष्का ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। जब वह व उनके परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे तो शव को पहले ही नीचे उतारा जा चुका था। जब उन्होंने पुलिस से शव उतारने के बारे में पूछा तो पुलिस ने बताया कि चंदन ने एक वीडियो उन्हें दी है जिसमें वह एक हाथ से वीडियो बनाता हुआ दरवाजा तोड़कर कमरे में आता है और पंखे से फंदा बनाकर लटकी तनिष्का के शव को नीचे उतारता है। उन्होंने बताया कि जब वह वीडियो उन्होंने देखी तो पाया कि तनिष्का बैड पर लगभग बैठी हुई है और उसके फंदा लगा हुआ है। ऐसे में उसकी आत्महत्या किए जाने की बात उनकी समझ से परे है। उन्होंने आरोप लगाया कि तनिष्का और चंदन के बीच ही किसी बात को लेकर विवाद हुआ है और चंदन ने तनिष्का की हत्या कर मामले को आत्महत्या में बदलने का प्रयास किया है।

 

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर चंदन को हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार सुबह सूचना मिलते ही फरीदाबाद में रहने वाले तनिष्का के मामा और नाना भी गुड़गांव पहुंच गए। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे तनिष्का के मामा देवेंद्र सिंह ने तनिष्का के ताऊ राजीव पर हत्या किए जाने के आरोप लगाए। देवेंद्र ने पुलिस को बताया कि पूरा मामला जमीन हड़पने का है। तनिष्का जब एक वर्ष की भी नहीं थी तो उस वक्त उसके माता पिता की मौत हो गई थी। ऐसे में तनिष्का उनके साथ फरीदाबाद में ही रह रही थी। करीब डेढ़ साल पहले वह घर से भाग गई थी जिसकी शिकायत उन्होंने फरीदाबाद के भूपानी थाने में दी थी। इसके बाद तनिष्का को आगरा से वापस फरीदाबाद लाया गया था और यहां से उसके ताऊ के परिवार के साथ वह चली गई थी। करीब डेढ़ साल से तनिष्का अपने ताऊ के परिवार के साथ थी। आरोप है कि राजीव ने उसके हिस्से में आने वाली जमीन को हड़पने के लिए उसकी हत्या करा दी है ताकि यह जमीन उनके पास चली जाए। ऐसे में उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। 

 

वहीं, मामले में जब पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंपने की कार्रवाई शुरू की तो पोस्टमार्टम हाउस ही हंगामे का केंद्र बन गया। मामा और ताऊ के परिवार शव को अपने साथ ले जा कर अंतिम संस्कार किए जाने के लिए एक दूसरे के आमने सामने हो गए। मामले में पुलिस ने करीब तीन घंटे तक दोनों पक्षों को समझाया और दोनों पक्षों की सहमति से शव को ताऊ के परिवार को सौंप दिया। वहीं, मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों से शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!