Edited By Krishan Rana, Updated: 29 Sep, 2026 07:16 PM

कुरुक्षेत्र में पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश कर रहे लूट के एक आरोपी के साथ बड़ा हादसा
कुरुक्षेत्र (रणदीप रोड़) : कुरुक्षेत्र में पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश कर रहे लूट के एक आरोपी के साथ बड़ा हादसा हो गया। पुलिस जब वारदात की निशानदेही कराने के लिए आरोपी को सुंदरपुर फ्लाईओवर पर ले गई, तो उसने पुलिस को चकमा देकर फ्लाईओवर से नीचे छलांग लगा दी।
इस घटना में आरोपी की टांग टूट गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे दोबारा हिरासत में लेकर LNJP अस्पताल में भर्ती कराया है। फिलहाल आरोपी का पुलिस की कड़ी निगरानी में इलाज चल रहा है।
तड़के 4:30 बजे चाकू की नोक पर की थी लूटपाट
CIA-1 के इंचार्ज प्रतीक कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 18 सितंबर की अल सुबह करीब 4:30 बजे सुंदरपुर पुल के पास तीन युवकों ने सब्जी मंडी जा रहे एक व्यक्ति को चाकू दिखाकर पैसों की लूट की थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान देवांश, राहुल और अहित के रूप में हुई है, जो कुरुक्षेत्र के पिपली और बीड़ पिपली क्षेत्र के निवासी हैं।
निशानदेही के दौरान की भागने की कोशिश
गिरफ्तारी के बाद देर रात CIA-1 की टीम तीनों आरोपियों को सुंदरपुर फ्लाईओवर पर वारदात का स्थान चिह्नित करने के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान मौका पाकर आरोपी देवांश ने पुलिस की गिरफ्त से भागने का प्रयास किया और फ्लाईओवर से नीचे छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी एक टांग टूट गई। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे दबोचा और आपातकालीन स्थिति में इलाज के लिए कुरुक्षेत्र के LNJP अस्पताल पहुंचाया।
आरोपी देवांश का है आपराधिक रिकॉर्ड
CIA-1 इंचार्ज के अनुसार भागने का प्रयास करने वाले आरोपी देवांश का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ चोरी, मारपीट और छीना-झपटी (स्नैचिंग) जैसे कई मामले दर्ज हैं। पुलिस बाकी दोनों आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
हथियार और बाइक बरामद, आगे की जांच जारी
पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी का अस्पताल में पुलिस कस्टडी में इलाज चल रहा है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उनकी संलिप्तता अन्य वारदातों में भी पता की जा सके और चोरी/लूट का अन्य सामान भी बरामद किया जा सके।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)