Edited By Harman, Updated: 28 Sep, 2026 10:25 AM

हरियाणा के अंबाला शहर के निकट धूलकोट गांव में रविवार को निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढहने से चार लोगों की मौत हो गई जबकि 10 से अधिक लोग घायल हो गए।
अंबाला : हरियाणा में अंबाला के धूलकोट गांव में रविवार को एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत का पिछला हिस्सा अचानक ढह जाने से छह लोगों की मौत हो गई तथा अन्य चार घायल हो गये। घायलों का अंबाला सिटी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद एनडीआरएफ और अन्य राहत एवं बचाव टीमें रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी रहीं। करीब 15 घंटे बाद अभियान बंद किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इमारत में तीसरी मंजिल पर लेंटर डालने का काम चल रहा था। पहली मंजिल पर प्लास्टर और दूसरी मंजिल पर फर्श का काम किया जा रहा था। इसी दौरान कल दोपहर करीब 3:30 बजे अचानक लेंटर नीचे बैठ गया और इमारत का पिछला हिस्सा पूरी तरह ढह गया। मलबे में कई मजदूर दब गए, जबकि कुछ लोगों ने ऊपर से कूदकर जान बचाई।
मजदूर रामचंद्र ने आरोप लगाया कि दो दिन पहले लेंटर के लिए शटरिंग की गई थी, लेकिन वह सही तरीके से नहीं की गई थी। इसी कारण उसने काम छोड़ दिया था। आसपास के लोगों ने भी निर्माण में जल्दबाजी और नियमों की अनदेखी के आरोप लगाए हैं। पुलिस अधीक्षक अजीत शेखावत ने कहा कि इमारत के मालिक का पता लगाया जा रहा है। यदि निर्माण अनधिकृत पाया गया तो नियमानुसार कारर्वाई की जाएगी।