Edited By Krishan Rana, Updated: 30 Sep, 2026 07:36 PM

गन्नौर के डबरपुर गांव के पहलवान सुनील कुमार ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए
गन्नौर (कपिल) : गन्नौर के डबरपुर गांव के पहलवान सुनील कुमार ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पुरुषों के ग्रीको-रोमन 87 किलोग्राम भारवर्ग के कांस्य पदक मुकाबले में सुनील कुमार ने फिलीपींस के पहलवान को 9-0 से हराकर पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही एशियन गेम्स में सुनील ने लगातार दूसरी बार कांस्य पदक जीतने की उपलब्धि हासिल की है।
बता दें कि इससे पहले उन्होंने हांगझोउ एशियन गेम्स में भी कांस्य पदक जीता था। सुनील की इस उपलब्धि की खबर मिलते ही डबरपुर गांव में खुशी का माहौल हो गया। स्वजन और ग्रामीणों ने एक-दूसरे को बधाई दी। सुनील की मां अनीता देवी और भाई सुमित मलिक सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने उनकी जीत पर खुशी जताई।
ग्रामीणों ने कहा कि सुनील ने लगातार शानदार प्रदर्शन कर गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सुनील कुमार के एशियन स्तर के प्रदर्शन की बात करें तो वर्ष 2019 में चीन में आयोजित सीनियर एशियन रेसलिंग चौंपियनशिप में उन्होंने रजत पदक जीता था।
वर्ष 2020 में नई दिल्ली में उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके बाद 2022 में मंगोलिया, 2023 में कजाकिस्तान, 2025 में जार्डन और 2026 में किर्गिस्तान में आयोजित सीनियर एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता। एशियन गेम्स में 2023 और 2026 में भी उनके नाम कांस्य पदक रहा। सुनील की उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें वर्ष 2023 में अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया था।
इस मौके पर सीएम सैनी ने एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की 87 किग्रा ग्रीको-रोमन कुश्ती में कांस्य पदक जीतकर देश और प्रदेश का मान बढ़ाने वाले पहलवान सुनील कुमार को हार्दिक बधाई दी। सीएम ने कहा कि आपकी शानदार मेहनत, दमदार प्रदर्शन और जीत का जज्बा हर युवा खिलाड़ी के लिए प्रेरणादायी है। भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं!

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)