Edited By Harman, Updated: 15 Oct, 2026 01:50 PM

पंचकूला में नाबालिगों के वाहन चलाने पर पुलिस सख्त हो गई है। अंडरएज ड्राइविंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक 30 अभिभावकों पर कार्रवाई की गई है, जबकि 27 वाहन इंपाउंड किए गए हैं।
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : पंचकूला में नाबालिगों के वाहन चलाने पर पुलिस सख्त हो गई है। अंडरएज ड्राइविंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक 30 अभिभावकों पर कार्रवाई की गई है, जबकि 27 वाहन इंपाउंड किए गए हैं। पुलिस स्कूलों के माध्यम से बच्चों और अभिभावकों को भी जागरूक कर रही है।
पंचकूला में नाबालिगों के वाहन चलाने पर रोक लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस उन स्कूली बच्चों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, जो निर्धारित उम्र पूरी किए बिना या वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बिना वाहन चलाते हैं। इस कार्रवाई के दायरे में बच्चों के अभिभावकों को भी शामिल किया गया है। डीसीपी अमरिंदर सिंह के मुताबिक, मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अब तक 30 अभिभावकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और उन पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, अभियान के दौरान 27 वाहन भी इंपाउंड किए गए हैं।
डीसीपी का कहना है कि अभियान शुरू होने के बाद बिना लाइसेंस स्कूल आने वाले नाबालिग बच्चों की संख्या में काफी गिरावट दर्ज की गई है। पुलिस स्कूलों के माध्यम से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को जागरूक कर रही है, ताकि नाबालिगों को वाहन चलाने से रोका जा सके और सड़क हादसों की आशंका को कम किया जा सके।पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। बच्चों की सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर दूसरों की जान की सुरक्षा भी अभिभावकों की जिम्मेदारी है।