गर्मी की छुट्टियों में बदलेगी सरकारी स्कूलों की तस्वीर, नए सत्र से पहले सुविधाएं होंगी चाक-चौबंद

Edited By Manisha rana, Updated: 07 Jun, 2026 03:35 PM

picture of government schools will change during the summer holidays

हरियाणा सरकार ने प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। गर्मी की छुट्टियों को केवल अवकाश न मानते हुए सरकार ने इस अवधि का उपयोग स्कूलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए करने का निर्णय लिया...

चंडीगढ़ (धरणी) : हरियाणा सरकार ने प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। गर्मी की छुट्टियों को केवल अवकाश न मानते हुए सरकार ने इस अवधि का उपयोग स्कूलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए करने का निर्णय लिया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर सरकारी हाई और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में मरम्मत, रखरखाव तथा आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा है।

नए सत्र से पहले तैयार होंगे स्कूल

शिक्षा विभाग का लक्ष्य है कि विद्यार्थियों के स्कूल लौटने से पहले सभी आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त कर दी जाएं। जिन विद्यालयों में भवन मरम्मत, पेयजल, शौचालय, बिजली, फर्नीचर या अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य लंबित हैं, उन्हें अवकाश अवधि के दौरान ही पूरा किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र में सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।

स्थानीय स्तर पर होंगे छोटे विकास कार्य

विभाग ने एक लाख रुपये तक की लागत वाले छोटे मरम्मत एवं सुविधा संबंधी कार्यों को स्थानीय स्तर पर पूरा करने की अनुमति दी है। इसके लिए उपलब्ध समेकित बाल कल्याण निधि का उपयोग किया जाएगा। जिन स्कूलों में पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं है, वहां संबंधित अधिकारियों को तकनीकी अनुमान तैयार कर विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आवश्यक स्वीकृति और धनराशि उपलब्ध कराई जा सके।

औचक निरीक्षण से होगी निगरानी

निर्देशों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए मुख्यालय स्तर से विशेष टीमें गठित की गई हैं। ये अधिकारी गर्मी की छुट्टियों के दौरान विभिन्न जिलों के सरकारी स्कूलों का औचक निरीक्षण करेंगे और मरम्मत कार्यों, रखरखाव तथा आधारभूत सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करेंगे।

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि विद्यालयों में सुविधाओं के रखरखाव को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कमी पाए जाने पर संबंधित प्रधानाचार्य अथवा मुख्याध्यापक के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

सरकार का फोकस: बेहतर स्कूल, बेहतर शिक्षा

सरकार का मानना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए मजबूत आधारभूत ढांचा आवश्यक है। इसी सोच के तहत स्कूलों में आवश्यक सुधार कार्यों को तेज गति से पूरा करने का अभियान शुरू किया गया है, ताकि नए सत्र की शुरुआत बेहतर सुविधाओं और सकारात्मक माहौल के साथ हो सके।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!