Edited By Harman, Updated: 21 Sep, 2026 08:47 AM

यमुनानगर के ऐतिहासिक लोहगढ़ साहिब गुरुद्वारे से जुड़ी बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। सिखों की पहली राजधानी कहे जाने वाले लोहगढ़ साहिब के ऐतिहासिक गुरुद्वारे में 56 साल बाद बिजली की स्थायी व्यवस्था हो गई है।
यमुनानगर (परवेज खान) : यमुनानगर के ऐतिहासिक लोहगढ़ साहिब गुरुद्वारे से जुड़ी बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। सिखों की पहली राजधानी कहे जाने वाले लोहगढ़ साहिब के ऐतिहासिक गुरुद्वारे में 56 साल बाद बिजली की स्थायी व्यवस्था हो गई है।
बिजली पहुंचने के बाद गुरुद्वारे में लगे बल्ब रोशन हो गए और पंखों ने भी फर्राटे भरने शुरू कर दिए। बिजली आपूर्ति शुरू होने से सिख संगत में खुशी का माहौल है। संगत ने इस व्यवस्था के लिए हरियाणा सरकार का आभार जताया है। बिजली व्यवस्था शुरू होने के मौके पर साढौरा विधायक रेनूबाला और उनके पति इंजीनियर ऋषिपाल भी कार्यक्रम में पहुंचे। इससे पहले गुरुद्वारे में बिजली की जरूरत पूरी करने के लिए लोहगढ़ साहिब से सटी हिमाचल प्रदेश की फॉरेस्ट चौकी से अस्थायी तौर पर बिजली ली जाती थी। लंबे समय से यहां स्थायी बिजली कनेक्शन की जरूरत महसूस की जा रही थी। अब स्थायी बिजली व्यवस्था होने से गुरुद्वारे में आने वाली संगत को काफी सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक रेनूबाला ने संगत को भरोसा दिलाया कि गुरुद्वारे में पानी की व्यवस्था भी जल्द कराई जाएगी। ऐतिहासिक महत्व रखने वाले लोहगढ़ साहिब में बिजली पहुंचना स्थानीय संगत के लिए लंबे इंतजार के बाद बड़ी सुविधा के तौर पर देखा जा रहा है। 56 साल बाद बिजली आने से गुरुद्वारे का परिसर रोशनी से जगमगा उठा है और संगत में खुशी की लहर है।