सिंगर राहुल फाजिलपुरिया की रेकी करने वाला सोनीपत से काबू, शूटरों को पल-पल की दे रहा था जानकारी

Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 16 Jul, 2025 11:39 PM

one arrest in case of firing on singer rahul fazilpuria

सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर गोली चलाने के मामले में गुड़गांव पुलिस के हत्थे भले ही मुख्य आरोपी न चढ़ पाए हों, लेकिन पुलिस को पहली कामयाबी हाथ लगी है।

गुड़गांव, (ब्यूरो): सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर गोली चलाने के मामले में गुड़गांव पुलिस के हत्थे भले ही मुख्य आरोपी न चढ़ पाए हों, लेकिन पुलिस को पहली कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-40 की टीम ने राहुल फाजिलपुरिया की रेकी करने वाले एक आरोपी को सोनीपत से काबू किया है। आरोपी की पहचान सोनीपत के रहने वाले विशाल के रूप में हुई है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें। 

 

पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप के मुताबिक, आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात में सिंगर राहुल फाजिलपुरिया की रेकी की थी। उसकी पल-पल की जानकारी वह शूटरों को देता रहा था। रेकी करने के लिए वह कई दिनों तक गुड़गांव के अलग-अलग गेस्ट हाउस में ठहरा था। वारदात के दिन भी उसने राहुल की रेकी कर सूचना अपने साथियों को दी थी जिसके आधार पर वारदात को अंजाम दिया गया। 

 

पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि वारदात में जिस टाटा पंच गाड़ी का इस्तेमाल हुआ वह गाड़ी किराए पर लेने के लिए यह अपने साथी के साथ संलिप्त रहा। हालांकि पुलिस ने यह गाड़ी पहले ही बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। 

 

आपको बता दें कि 14 जुलाई की शाम को एसपीआर रोड से अपनी थार गाड़ी लेकर फाजिलपुर की तरफ जा रहे सिंगर राहुल फाजिलपुरिया की गाड़ी रुकवाकर टाटा पंच पर सवार बदमाशों ने गोलियां दाग दी थी। बताया जा रहा है कि बदमाशों द्वारा दो फायर किए गए। गनीमत यह रही कि यह गोली किसी को नहीं लगी। प्रारंभिक तौर पर पुलिस ने गोली चलने की बात को नकार दिया था, लेकिन जब मामले की गंभीरता से जांच की गई तो एक गोली पास ही मौजूद ग्रिल पर लगने के साक्ष्य मिले। इस मामले में पुलिस ने राहुल फाजिलपुरिया की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया था।

 

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वारदात से अगले ही दिन गाड़ी को बिलासपुर एरिया से बरामद कर लिया था। मामले की प्रारंभिक जांच के दौरान जब पुलिस सोनीपत पहुंची तो सामने आया था कि वारदात में प्रयुक्त गाड़ी को बदमाशों ने किराए पर ली थी। यहां से पुलिस को आरोपियों के बारे में कुछ और भी सुराग हाथ लगे थे जिसके बाद पुलिस ने आज एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!