Edited By Isha, Updated: 24 Feb, 2026 10:46 AM

ओलंपिक मैडल फैक्टरी कहे जाने वाले हरियाणा को ‘गुरु द्रोण’ ढूंढने से भी नहीं मिल रहे हैं। प्रदेश में 60 फीसदी से ज्यादा प्रशिक्षकों के पद खाली पड़े हैं। अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी तथा जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश
चंडीगढ़(चन्द्र शेखर धरणी): ओलंपिक मैडल फैक्टरी कहे जाने वाले हरियाणा को ‘गुरु द्रोण’ ढूंढने से भी नहीं मिल रहे हैं। प्रदेश में 60 फीसदी से ज्यादा प्रशिक्षकों के पद खाली पड़े हैं। अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी तथा जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फौगाट ने हरियाणा की खेल नीति पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में राज्य के खेल स्टेडियमों की संख्या से लेकर प्रशिक्षकों का ब्योरा सरकार से मांगा। खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने कहा कि अतारंकित सवाल का जवाब देते हुए स्पष्ट किया कि राज्य भर में खेल विभाग के अधीन 245 स्टेडियम हैं। जब प्रशिक्षकों के 1584 पर स्वीकृत हैं, जिनमें से 583 प्रशिक्षकों के पद भरे हुए हैं और 1001 पद खाली हैं।
लिहाजा, इन आंकड़ों को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि ओलंपिक में पदक पाने का सपना संजोये खिलाड़ियों को खेल के दाव-पेच सीखने के लिए खुद ही मैदान पर पसीना बहाना पड़ रहा है। हालांकि, नायब सरकार की ओर से मिशन-2036 तैयार किया गया है, जिसमें ओलंपिक के लिए खिलाड़ियों को तैयार करने का लक्ष्य है। नायब सरकार की ओर से खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए 2500 खेल नर्सरियां खोलने का फैसला लिया गया है, साथ ही गांवों में व्यायामशालाएं भी खोली जा रही हैं। जुलाना विधायक विनेश फौगाट ने सवाल उठाया कि जब प्रदेश में 60 फीसदी से ज्यादा प्रशिक्षकों के पद खाली हैं तो खिलाड़ियों का मैडल लाने का सपना कैसे साकार होगा।
रोहतक विधायक ने खेल स्टेडियम की खस्ताहाल पर उठाए सवाल
रोहतक से कांग्रेस विधायक भारत भूषण बत्तरा ने रोहतक में राजीव गांधी स्टेडियम की खस्ताहालत पर सवाल उठाए। खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने अतांरकित सवाल का जवाब देते हुए बताया कि रोहतक के सेक्टर-6 स्थित राजीव गांधी खेल परिसर में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो, कबड्डी, किक्रेट, ताईक्वांडो, जिम्नास्टिक और हॉकी के केंद्र विभागीय प्रशिक्षकों द्वारा संचालित किए जा रहे हैं। स्टेडियम में खेल सुविधाओं की मरम्मत की आवश्यकता है, जिसको लेकर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण कोप्रस्ताव भेजा गया है। इनमें मुख्य रूप से सिंथैटिक एथलेटिक्स ट्रैक और सिंथैटिक हॉकी टर्फ शामिल है, जिस पर 24.34 करोड़ की लागत आएगी। वहीं, खेल परिसर में स्ट्रीट लाइट, फलड लाइट, वाटर कूलर, हाई मस्ट लाइट एयर कंडीशन सुविधाओं के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा 8.81 करोड़ का अनुमानित प्रस्ताव तैयार किया है।
ड्रग सीरिंज के उपयोग को खेल मंत्री ने नकारा
रोहतक विधायक बीबी बतरा ने सवाल किया कि स्टेडियम में मूलभूत सुविधाएं, विशेषकर शौचालय का रखरखाव ठीक नहीं किया जाता है तथा यहां ड्रग सीरिंज पाई गई हैं, इसे खेल मंत्री ने नकारते हुए स्पष्ट किया कि विभागीय प्रशिक्षकों के किसी भी प्रशिक्षु द्वारा किसी भी प्रकार की ड्रग सीरिंज के उपयोग का कोई मामला सामने नहीं आया है।
करनाल विधायक के अंतरराष्ट्रीय किक्रेट स्टेडियम के निर्माण प्रस्ताव का उत्तर, नहीं श्रीमान
करनाल से भाजपा विधायक जगमोहन आनंद ने खेल राज्यमंत्री से सवाल किया कि क्या करनाल में अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम निर्माण करने का कोई प्रस्ताव सरकार के पास विचाराधीन है, यदि हां, तो उसका ब्योरा दिया जाए। खेल राज्यमंत्री ने करनाल विधायक के सवाल का सीधे शब्दों में जवाब दिया, नहीं श्रीमान।