Edited By Yakeen Kumar, Updated: 06 Oct, 2025 02:39 PM

कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह सोमवार को पिपली पहुंचे, जहां पूर्व मंत्री एवं विधायक अशोक अरोड़ा सहित कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
कुरुक्षेत्र (रणदीप रोड) : कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह सोमवार को पिपली पहुंचे, जहां पूर्व मंत्री एवं विधायक अशोक अरोड़ा सहित कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर राव नरेंद्र ने कहा कि प्रदेश का किसान आज बेहद परेशान है, उसे फसलों का उचित एमएसपी नहीं मिल रहा। उन्होंने बताया कि नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहले ही मंडियों का दौरा कर किसानों की समस्याओं का जायजा ले चुके हैं और वे स्वयं भी जल्द किसानों से मुलाकात कर उनकी स्थिति जानेंगे।
सद्भावना यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस को मजबूत करने की यात्रा है, किसी के विरोध की नहीं। राव नरेंद्र ने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम उनके प्रदेशाध्यक्ष बनने से पहले शुरू हुआ था, और भविष्य में ऐसे आयोजनों पर पार्टी हाईकमान और संगठन से समन्वय बनाकर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के संविधान और लोकतंत्र पर खतरा मंडरा रहा है, और इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार जनता के बीच जा रहे हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)