Edited By Harman, Updated: 22 Apr, 2026 02:19 PM

कुरुक्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक बेकाबू कार ने बाइक और स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि स्कूटी सवार पिता-पुत्री घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी ड्राइवर कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): शहर में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक बेकाबू कार ने बाइक और स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि स्कूटी सवार पिता-पुत्री घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी ड्राइवर कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पहले बाइक को मारी जोरदार टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान आकाश नगर निवासी गुलजार सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्रक ड्राइवर थे। बताया जा रहा है कि वह रोजाना की तरह दवा लेने मेडिकल स्टोर जा रहे थे, तभी हादसा हो गया। अमीन गांव निवासी हरताज सिंह ने पुलिस को बताया कि रात करीब 8:20 बजे वह 100 फुटा रोड पर मेडिकल स्टोर के पास मौजूद था। इसी दौरान उसके चाचा गुलजार सिंह अपनी बाइक पर घर लौट रहे थे। तभी सैनी स्कूल की ओर से तेज रफ्तार में आई स्विफ्ट कार (HR 07AF 0923) ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी।
भागते वक्त स्कूटी भी चपेट में आई
टक्कर के बाद आरोपी ड्राइवर ने रुकने की बजाय कार की स्पीड और बढ़ा दी। इसी दौरान उसने एक स्कूटी को भी टक्कर मार दी, जिसमें सवार कुणाल और उसकी बेटी नेन्जा घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में बुजुर्ग ने तोड़ा दम
गंभीर रूप से घायल गुलजार सिंह को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर अपनी कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
कार नंबर के आधार पर केस दर्ज
पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।