Edited By Harman, Updated: 06 Oct, 2026 06:19 PM

जिला कुरुक्षेत्र के गांव किरमच के पास नहर से एक 35 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नहर से बरामद शव की पहचान इस्माइलाबाद निवासी बबलू के रूप में हुई है।
कुरुक्षेत्र (रणदीप रोर) : जिला कुरुक्षेत्र के गांव किरमच के पास नहर से एक 35 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नहर से बरामद शव की पहचान इस्माइलाबाद निवासी बबलू के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि बबलू पिछले करीब 6 दिनों से लापता था और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच गांव किरमच के पास नहर में एक व्यक्ति का शव दिखाई देने की सूचना सामने आई। सूचना मिलने के बाद गोताखोर प्रगट सिंह मौके पर पहुंचे और नहर में तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद गोताखोर ने शव को नहर से बाहर निकाला।
शव की हालत काफी खराब बताई जा रही है। मृतक बबलू तीन बेटियों का पिता था। करीब छह दिन से उसके लापता होने के बाद अब नहर से शव मिलने की खबर से परिवार में मातम पसर गया है। शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि बबलू नहर तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। क्या यह हादसा है या इसके पीछे कोई और वजह है, इसका खुलासा पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा। मृतक बबलू के पिता लाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि घर से बिना बताए बबलू निकला था और लगातार वह उसकी तलाश कर रहे थे और उसका आज शव नहर से बरामद हुआ है।