शर्मनाक: जिस पानीपत से गूंजा था 'बेटी बचाओ' का नारा, वहीं कूड़े के ढेर में मिला नवजात का क्षत-विक्षत शव

Edited By Isha, Updated: 15 Mar, 2026 07:36 PM

mutilated body of a newborn found in a garbage pile

हरियाणा के पानीपत शहर से मानवता को शर्मसार करने वाली एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। शहर के फ्लोरा चौक पर एक नवजात बच्ची का शव लावारिस हालत में पाया गया। क्रूरता की पराकाष्ठा यह थी

पानीपत(सचिन): हरियाणा के पानीपत शहर से मानवता को शर्मसार करने वाली एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। शहर के फ्लोरा चौक पर एक नवजात बच्ची का शव लावारिस हालत में पाया गया। क्रूरता की पराकाष्ठा यह थी कि कलयुगी मां-बाप द्वारा फेंकी गई इस मासूम की देह को आवारा जानवर नोच रहे थे।

 मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह राहगीरों ने फ्लोरा चौक के पास झाड़ियों में कुछ हलचल देखी। पास जाकर देखने पर लोगों के होश उड़ गए; वहां एक नवजात बच्ची का शव पड़ा था जिसे आवारा कुत्ते और जानवर अपना निवाला बना रहे थे। यह दृश्य इतना खौफनाक था कि देखने वालों की रूह कांप गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और समाज सेवी संस्था को दी।

 सूचना मिलते ही जन सेवा दल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम के सदस्यों ने बच्ची के क्षत-विक्षत शव को जानवरों से छुड़ाया और अपने संरक्षण में लिया। सेवा दल के सदस्यों ने बताया कि बच्ची को जन्म के तुरंत बाद ही वहां फेंक दिया गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सिविल अस्पताल ले जाया गया है, जिसके बाद टीम द्वारा विधि-विधान के अनुसार बच्ची का अंतिम संस्कार किया जाएगा।


यह घटना उस शहर की है जहाँ से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान की शुरुआत की थी। पानीपत में लगातार मिल रहे नवजात बच्चों के शव प्रशासन और समाज, दोनों की विफलता पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। आखिर क्या मजबूरी या कैसी सामाजिक कुरीति है जो एक मां को अपने जिगर के टुकड़े को इस तरह मौत के मुंह में धकेलने पर मजबूर कर रही है?

 स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के इलाकों और अस्पतालों के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं ताकि हाल ही में हुए प्रसव की जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक कर रही है ताकि मासूम को फेंकने वाले दोषियों की पहचान हो सके।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!