Edited By Isha, Updated: 10 Jul, 2026 07:37 PM

हरियाणा के पानीपत में पुलिस ने महज 20 घंटे के भीतर एक सनसनीखेज अपहरण कांड का पर्दाफाश कर अपनी त्वरित कार्रवाई का परिचय दिया है। सब-इंस्पेक्टर की वर्दी पहनकर वारदात को अंजाम देने वाले छह
पानीपत(सचिन): हरियाणा के पानीपत में पुलिस ने महज 20 घंटे के भीतर एक सनसनीखेज अपहरण कांड का पर्दाफाश कर अपनी त्वरित कार्रवाई का परिचय दिया है। सब-इंस्पेक्टर की वर्दी पहनकर वारदात को अंजाम देने वाले छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनमें चार बदमाश सोनीपत और दो पानीपत के रहने वाले हैं। पुलिस ने अपहृत युवक दिलावर को भी सकुशल बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, वीरवार देर रात गांव थिराना अड्डे से गांव निवासी दिलावर को कुछ बदमाशों ने पुलिस कार्रवाई का झांसा देकर स्कॉर्पियो गाड़ी में जबरन बैठा लिया। आरोपियों में से एक ने सब-इंस्पेक्टर की वर्दी पहन रखी थी, जिससे किसी को उन पर शक नहीं हुआ। युवक के अपहरण की सूचना मिलते ही पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और तुरंत बड़े स्तर पर तलाश अभियान शुरू कर दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह, आईपीएस ने सीआईए-2 प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और लगातार छापेमारी के आधार पर महज 20 घंटे के भीतर सोनीपत में दबिश देकर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और अपहृत युवक दिलावर को सुरक्षित छुड़ा लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि अपहरण के पीछे की असली वजह, वारदात की साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का भी खुलासा किया जा सके। पानीपत पुलिस की इस तेज़ और सटीक कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि संगठित अपराध करने वालों के लिए जिले में बच निकलना आसान नहीं है।