Edited By Isha, Updated: 10 Jul, 2026 07:30 PM

हरियाणा एसटीएफ (Special Task Force) की टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय अफीम तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने पंजाब के अमृतसर
करनाल: हरियाणा एसटीएफ (Special Task Force) की टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय अफीम तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने पंजाब के अमृतसर की रहने वाली एक महिला मास्टरमाइंड, एक ट्रक चालक और एक सप्लायर समेत कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 20 किलोग्राम अफीम बरामद की गई है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी जा रही है। रिमांड अवधि खत्म होने के बाद आज तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पश्चिम बंगाल से अंबाला जा रहा था ट्रक, पेहवा में दबोचा
एसटीएफ के जांच अधिकारी अंकित ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि यह कार्रवाई 1 जुलाई को थाना सदर पेहवा इलाके में की गई थी। एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से एक ट्रक में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ छुपाकर अंबाला ले जाया जा रहा है। टीम ने नाकाबंदी कर ट्रक को रोका और तलाशी के दौरान उसमें से 20 किलो अफीम बरामद की। पुलिस ने मौके से असम के रहने वाले ट्रक चालक को गिरफ्तार किया था, जिसे कोर्ट से 10 दिन के रिमांड पर लिया गया था।
झारखंड और मणिपुर से जुड़े हैं तार, पहले भी ला चुके हैं कई खेप
एसटीएफ की पूछताछ में बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच में पता चला है कि पकड़ी गई महिला अमृतसर की रहने वाली है और वह दूसरे राज्यों से अफीम की बड़ी-बड़ी खेप मंगवाकर अपने साथियों के साथ अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करती थी। यह गिरोह मणिपुर, झारखंड और पश्चिम बंगाल के इलाकों से अफीम सोर्स करता था। जांच अधिकारियों के मुताबिक, महिला पहले भी कई बार इसी तरह अफीम की बड़ी खेप मंगवाकर बाजार में खपा चुकी है।
तीनों आरोपी भेजे गए जेल, जांच जारी
एसटीएफ ने बताया कि ट्रक चालक, मणिपुर के सप्लायर और अमृतसर की महिला आरोपी का पुलिस रिमांड आज खत्म हो गया है। रिमांड के दौरान पुलिस ने इनसे नेटवर्क से जुड़े कई अन्य अहम सुराग जुटाए हैं। आज तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है। एसटीएफ अब इस बात की जांच कर रही है कि यह अफीम आगे किन-किन स्थानीय तस्करों और पेडलर्स को सप्लाई की जानी थी।