Edited By Krishan Rana, Updated: 02 Mar, 2026 04:35 PM

कुरुक्षेत्र जिले में सरसों की फसल को लेकर किसानों का आरोप है कि MSP दामों पर उनकी फसल
कुरुक्षेत्र (रणदीप रोड) : कुरुक्षेत्र जिले में सरसों की फसल को लेकर किसानों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। किसानों का आरोप है कि MSP दामों पर उनकी फसल की खरीद नहीं हो पा रही है। कुरुक्षेत्र जिले की थानेसर अनाज मंडी में किसानों ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों का कहना है कि सरसों की फसल के लिए यहां कोई भी सरकारी खरीद केंद्र स्थापित नहीं किया गया है, जिस कारण उन्हें अपनी फसल औने-पौने दामों पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़रहा है।
किसानों का कहना है कि जब सरकार ने MSP घोषित की है तो फिर खरीद केंद्र क्यों नहीं खोले जा रहे। किसानों ने मांग की है कि थानेसर अनाज मंडी में तुरंत प्रभाव से सरकारी खरीद शुरू की जाए, ताकि उन्हें उनकी फसल का उचित मूल्य मिल सके। किसानों का कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
किसान संगठन शहीद भगत सिंह के जिला प्रधान संजू नंबरदार ने बताया कि सरसों की फसल MSP दाम पर नहीं खरीदी जा रही है, जिससे किसानों को फसल की लागत भी नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि थानेसर अनाज मंडी जिले की सबसे बड़ी अनाज मंडी है, लेकिन इसके बावजूद भी सरसों की फसल की सरकारी खरीद इस मंडी से नहीं होती है।
सरसों की फसल की सरकारी खरीद लाडवा अनाज मंडी से होती है, जिसके लिए किसानों को कुरुक्षेत्र से लाडवा जाना पड़ता है। इससे किसानों का धन खर्च होता है और समय भी लगता है। इसलिए सरकार को चाहिए कि थानेसर अनाज मंडी से भी सरसों की फसल की सरकारी खरीद होनी चाहिए।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)