Edited By Isha, Updated: 10 Jul, 2026 07:58 PM

कुरुक्षेत्र के कैथल रोड स्थित मिजापुर पुल पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। आई-20 कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर के बाद कार पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नरवाना ब्रांच (भाखड़ा) नहर में जा गिरी।
कुरुक्षेत्र(कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र के कैथल रोड स्थित मिजापुर पुल पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। आई-20 कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर के बाद कार पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नरवाना ब्रांच (भाखड़ा) नहर में जा गिरी। हादसे के दौरान कार बाइक को भी अपने साथ नहर में घसीट ले गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से कार चालक और बाइक सवार युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि स्थानीय लोग तुरंत मौके पर नहीं पहुंचते तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। लोगों ने रस्सियों और अन्य साधनों की मदद से दोनों को नहर से बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस दोनों घायलों के बयान दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं गोताखोरों की टीम नहर में गिरी कार को बाहर निकालने के प्रयास में जुटी रही। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हादसे में दोनों युवकों की जान बच गई, हालांकि उन्हें चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।