Edited By Isha, Updated: 22 Apr, 2026 08:28 PM

हरियाणा की राजनीति में 'धाकड़' नेता मानी जाने वाली कुमारी सैलजा आज करनाल पहुँचीं। उन्होंने यहाँ विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर मीडिया से बात करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की और पार्टी के भीतर चल रही हलचलों पर भी अपनी राय रखी।
करनाल: हरियाणा की राजनीति में 'धाकड़' नेता मानी जाने वाली कुमारी सैलजा आज करनाल पहुँचीं। उन्होंने यहाँ विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर मीडिया से बात करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की और पार्टी के भीतर चल रही हलचलों पर भी अपनी राय रखी। भूपेंद्र सिंह हुड्डा के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि "पब्लिक मीटिंग होगी तो ही सद्भावना यात्रा में जाऊंगा", सैलजा ने सधे हुए अंदाज में कटाक्ष किया। उन्होंने कहा यह पार्टी के अंदर का विषय है कि उन्हें क्या लगना चाहिए और क्या नहीं। उन्होंने अपनी बात रख दी है, लेकिन असल बात तो तब होगी जब राहुल गांधी यहाँ आएंगे।"
हिसार में पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और सीआईए पुलिस के बीच हुए विवाद पर सैलजा ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में "अजीब जंगल राज" चल रहा है और जनता असुरक्षित महसूस कर रही है। हाल ही में महिला आरक्षण विधेयक को लेकर सदन में हुए हंगामे पर सैलजा ने कड़ा प्रहार किया। उन्होंने ऐतिहासिक तथ्यों को रखते हुए कहा कि हमने 2010 में ही राज्यसभा में महिला आरक्षण बिल पारित कर दिया था। 2014 से 2023 तक भाजपा इस मुद्दे पर सोती रही। अब चुनाव करीब देखकर भाजपा को महिलाओं की याद आ रही है। निंदा तो भाजपा की होनी चाहिए जो महिलाओं के नाम पर केवल राजनीति कर रही है।
भाजपा सांसदों के वायरल वीडियो पर तंज
पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर और मनोज तिवारी के मछली खाने वाले वायरल वीडियो पर सैलजा ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में हमेशा अंतर रहता है। उन्होंने कहा, "मैं किसी के खाने पर टिप्पणी नहीं करती, लेकिन जनता खुद देख रही है कि ये लोग क्या दिखाते हैं और असल में क्या करते हैं।"
नगर निगम चुनावों के लिए हुंकार
आगामी निकाय चुनावों को लेकर कुमारी सैलजा ने कांग्रेस की पूरी तैयारी का दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के भीतर ही इतने झगड़े हैं कि वे चुनाव की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।