Edited By Manisha rana, Updated: 13 Apr, 2026 04:06 PM

नकली सोना बेचकर ज्वैलर्स को लाखों रुपए की चपत लगाने वाले पिता व पुत्री को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा तब हुआ जब कुंजपुरा रोड स्थित एक दुकान पर ठगी की गई थी। ज्वैलर्स ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देने के साथ सी.सी.टी.वी. की फुटेज भी...
करनाल : करनाल में नकली सोने की खरीद-फरोख्त के मामले में डीएसपी राजीव कुमार ने आज प्रेसवार्ता कर जानकारी दी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ, जिसमें एक पारिवारिक के सदस्यों द्वारा ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाने की बात सामने आई है। मामले में पुलिस ने पिता-पुत्री को गिरफ्तार किया था, बेटी को पहले ही मामले में जमानत मिल चुकी है, पिता का आज चार दिन का रिमांड खत्म हो गया है उसे आज कोर्ट में पेशकर जेल भेज दिया गया है, और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि इस मामले में कुल 8 लोगों की संलिप्तता सामने आई है। इनमें से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि बाकी 6 की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। गिरफ्तार आरोपियों में बहादुरगढ़ निवासी सर्वपाल सिंह और उसकी बेटी खुशी अरोड़ा शामिल हैं। डीएसपी के अनुसार सर्वपाल सिंह एक शातिर अपराधी है, जिस पर करीब 50 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या,, धोखाधड़ी, जालसाजी और चोरी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। उसे चार दिन के पुलिस रिमांड के बाद कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
66 ग्राम सोने की धोखाधड़ी, 56 ग्राम रिकवर
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने करीब 66 ग्राम सोने की धोखाधड़ी की थी। इसमें से 56 ग्राम सोना पुलिस ने रिकवर कर लिया है। बाकी 10 ग्राम की रकम आरोपी द्वारा शोरूम मालिक के खाते में ट्रांसफर करने की बात सामने आई है, जिसकी पुष्टि अभी बाकी है।
डीएसपी राजीव ने बताया कि 7 अप्रैल को एक ज्वैलर्स के प्रतिनिधि यतिन गोयल ने शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि कुछ लोग बार-बार शोरूम पर आकर सोना बेच रहे थे और बदले में असली सोना या पैसे लेकर चले जाते थे। जब शोरूम में खरीदे गए सोने को पिघलाया गया तो पता चला कि ऊपर सोने की परत थी, जबकि अंदर सस्ती धातु भरी हुई थी। यही कारण था कि मशीन भी इस नकली सोने को पकड़ नहीं पा रही थी। डीएसपी ने उदाहरण देते हुए बताया कि आरोपी 12 ग्राम की अंगूठी देकर बदले में 8 ग्राम का असली सोना या ज्वेलरी ले जाते थे और बाकी 4 ग्राम की नकद राशि भी ले लेते थे। इस तरह आरोपियों ने चार-पांच बार शोरूम पर आकर वारदात को अंजाम दिया।
जांच में अभी बाकी कई सवाल
डीएसपी के अनुसार अभी कई सवालों के जवाब मिलना बाकी हैं। जैसे कि क्या यह नकली सोना अन्य लोगों को भी बेचा गया है या नहीं। इस पर भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि बाकी 6 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं, क्योंकि सभी आरोपी एक ही परिवार से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)