Edited By Isha, Updated: 12 Apr, 2026 03:52 PM

हरियाणा के प्रसिद्ध गायक मासूम शर्मा एक बार फिर विवादों के केंद्र में हैं। देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के प्रति कथित तौर पर आपत्तिजनक और अभद्र भाषा (गाली-गलौज) का इस्तेमाल
फरीदाबाद(अनिल राठी): हरियाणा के प्रसिद्ध गायक मासूम शर्मा एक बार फिर विवादों के केंद्र में हैं। देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के प्रति कथित तौर पर आपत्तिजनक और अभद्र भाषा (गाली-गलौज) का इस्तेमाल करने के मामले में हरियाणा राज्य महिला आयोग ने कड़ा संज्ञान लिया है।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मासूम शर्मा का एक लाइव प्रोग्राम था। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने मंच से ऐसी भाषा का प्रयोग किया जो महिलाओं की गरिमा के खिलाफ थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद महिला आयोग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वतः संज्ञान (Suo Moto) लिया है।
आयोग की कार्रवाई और नोटिस
महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने इस मामले में सीधे हस्तक्षेप करते हुए मासूम शर्मा को नोटिस भेजा है।आयोग ने यह नोटिस सिंगर को उनके आधिकारिक ईमेल के जरिए भेजा है। उन्हें 18 तारीख को सुबह 11 बजे पंचकूला स्थित महिला आयोग के मुख्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का आदेश दिया गया है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि सिंगर को अपने आचरण पर स्पष्टीकरण देना होगा और मामले की जांच में सहयोग करना होगा।
चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने कहा है कि कलाकारों की जिम्मेदारी समाज के प्रति होती है और सार्वजनिक मंचों से महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इससे पहले भी हरियाणा सरकार और पुलिस 'गन कल्चर' और 'अश्लीलता' को बढ़ावा देने वाले गानों पर सख्ती दिखा चुकी है। यदि मासूम शर्मा का जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो आयोग उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई या पुलिस को एफआईआर (FIR) दर्ज करने की सिफारिश भी कर सकता है।