Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 05 May, 2026 07:23 PM

गांव कन्हई में सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के मैनेजर सौरभ यादव के घर के बाहर फायरिंग करने के मामले में गुड़गांव पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-40 ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गुड़गांव, (ब्यूरो): गांव कन्हई में सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के मैनेजर सौरभ यादव के घर के बाहर फायरिंग करने के मामले में गुड़गांव पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-40 ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान अशोक उर्फ पहलवान (उम्र-35 वर्ष) निवासी गांव बखेता जिला रोहतक (हरियाणा), सुमित (उम्र-33 वर्ष) निवासी गांव कथुरा जिला सोनीपत (हरियाणा), मनोज काबर (उम्र-36 वर्ष) निवासी गांव चीडी जिला रोहतक (हरियाणा) व विक्की (उम्र-36 वर्ष) निवासी गांव गढ़ शाहजांपुर जिला सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। आरोपी अशोक, सुमित व मनोज को कल तथा आरोपी विक्की को आज गिरफ्तार किया गया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए रैकी की थी तथा अन्य आरोपियों को बाइक, हथियार तथा अन्य सहायता उपलब्ध करवाई थी। आरोपी अन्य आरोपियों की सहायता के लिए घटना के समय घटनास्थल के नजदीकी उपस्थित थे। प्रारंभिक जांच में ज्ञात हुआ है कि सौरभ व दीपक नांदल आपस में पुराने जानकार थे, लेकिन रुपयों को लेकर दोनों में कोई विवाद था जिस पर दीपक नांदल ने सौरभ को धमकी भी दी थी। उपरोक्त गोली चलाने की वारदात को दीपक नांदल द्वारा अंजाम दिलाया गया है। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों के बारे में आरोपियों से पूछताछ जारी है।
आपको बता दें कि 2 मई की रात को गांव कन्हई में सौरभ यादव के घर के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी थी। गोलियां चलने की आवाज सुनकर जब सौरभ की सुरक्षा में तैनात सिपाही कुलदीप घर से बाहर आए और बदमाशों का सामना करने के लिए राइफल ताना तो बदमाशों ने उन पर भी फायरिंग की जिसके कारण सिपाही कुलदीप को पेट व हाथ में गोली लगी थी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। वहीं, घायल सिपाही को इलाज के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हातल स्थिर है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब इन चार आरोपियों को काबू किया है। मामले की जांच जारी है।