Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 02 May, 2026 12:59 PM

बिल्डर और उसके बाउंसरों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। इस बार मनमानी करने और सोसाइटी के फ्लैट मालिकों से मारपीट करने का मामला सोहना के सेक्टर-4 से सामने आया है जहां बिल्डर की मेंटीनेंस एजेंसी के मैनेजर और उसके बाउंसरों ने बाप-बेटे को इसलिए...
गुड़गांव, (ब्यूरों): बिल्डर और उसके बाउंसरों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। इस बार मनमानी करने और सोसाइटी के फ्लैट मालिकों से मारपीट करने का मामला सोहना के सेक्टर-4 से सामने आया है जहां बिल्डर की मेंटीनेंस एजेंसी के मैनेजर और उसके बाउंसरों ने बाप-बेटे को इसलिए पीट दिया क्योंकि वह मेंटीनेंस एजेंसी द्वारा काटी गई उनकी लाइट को दोबारा शुरू कराने के लिए गए थे। आरोप है कि मेंटीनेंस के रुपयों को लेकर विवाद में मैनेजर और बाउंसरों ने उनके साथ मारपीट की है। घटना की सूचना मिलते ही भोंडसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस को दी शिकायत में सोहना के सेक्टर-4 स्थित सिग्नेचर ग्लोबल पार्क सोसाइटी के रहने वाले अशोक कुमार चौधरी ने बताया कि 2 अप्रैल की सुबह उनकी सोसाइटी की मेंटीनेंस एजेंसी ने बिजली काट दी। गर्मी ज्यादा होने के कारण उन्हें परेशानी हो रही थी जिसके बाद वह मेंटीनेंस ऑफिस में गए। यहां मौजूद मैनेजर हेमंत गुप्ता से उन्होंने बिजली काटने का कारण पूछा तो उन्होंने मेंटीनेंस पिछला भुगतान करने के लिए कहा। इस पर उन्होंने कहा कि पहले लाइन चालू कर दो और यह हिसाब वह बाद में कर देंगे, लेकिन वह नहीं माने और उनसे गाली गलौज करने लगे और उन्हें ऑफिस से बाहर निकालने लगे।
आरोप है कि इस दोरान गुस्से में आकर हेमंत ने उनका गला पकड़ कर मारपीट शुरू कर दी। इसके साथ ही उनके बाउंसर आ गए जिन्होंने मारपीट शुरू कर दी। इसका पूरा वीडियो उनके बेटे ने मोबाइल पर कैद करना शुरू कर दिया जिस पर बाउंसरों ने उनके बेटे के साथ भी मारपीट कर वीडियो को डिलीट करा दिया। इसकी सूचना उन्होंने भोंडसी थाना पुलिस को दी। अब पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।