Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 27 Apr, 2026 05:58 PM

ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने एक ऐसे झोलाछाप डॉक्टर को काबू किया है जो वर्षों तक निजी अस्पताल में कंपाउंडर के तौर पर नौकरी कर रहा था और अब दवाओं का ज्ञान होने के बाद वह खुद को डॉक्टर समझ बैठा और गुड़गांव में क्लीनिक बनाकर मरीजों के इलाज के नाम पर उनके...
गुड़गांव, (ब्यूरो): ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने एक ऐसे झोलाछाप डॉक्टर को काबू किया है जो वर्षों तक निजी अस्पताल में कंपाउंडर के तौर पर नौकरी कर रहा था और अब दवाओं का ज्ञान होने के बाद वह खुद को डॉक्टर समझ बैठा और गुड़गांव में क्लीनिक बनाकर मरीजों के इलाज के नाम पर उनके जीवन से खिलवाड़ कर रहा था। सूचना के आधार पर सिविल सर्जन कार्यालय की तरफ से एक टीम का गठन कर झोलाछाप डॉक्टर को काबू कर लिया और शिवाजी नगर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी के पास से पुलिस ने 36 प्रकार की दवाएं भी बरामद की हैं जिनसे संबंधित दस्तावेज तक आरोपी के पास मौजूद नहीं थे।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
जानकारी के मुताबिक, विभाग को सूचना मिली थी कि गांधी नगर में रॉकफोर्ड स्कूल के सामने एक झोलाछाप डॉक्टर मरीजों के जीवन से खिलवाड़ कर रहा है। इस पर ड्रग्स कंट्रोलर डॉ सुरेश वर्मा, मेडिकल ऑफिसर डॉ ओम प्रकाश, डॉ महेश चंद आयुर्वेदिक मेडिकल ऑफिसर, डॉ राम प्रकाश रॉय एपिडमोलॉजिस्ट की एक टीम गठित सिविल सर्जन द्वारा कर मौके पर भेजा गया। जब टीम मौके पर पहुंची तो यहां कथित डॉक्टर मिराज आलम एक मरीज का इलाज कर रहा था। इस पर टीम ने उससे डॉक्टरी से संबंधित सर्टिफिकेट मांगे, लेकिन उसने कुछ भी नहीं दिखाया। जांच के दौरान टीम को यहां से 36 प्रकार की दवाएं भी मिली जिन्हें टीम ने सीज कर लिया।
12वीं पास निकला झोलाछाप डॉक्टर
अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक तौर की जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी 12वीं पास है और वह कई वर्षों तक अलग-अलग निजी अस्पतालों में बतौर कंपाउंडर व वार्ड बॉय के तौर पर नौकरी करता रहा है। यहां से उसे दवाओं के बारे में जानकारी मिल गई और करीब एक वर्ष से उसने यहां पर क्लीनिक बनाया हुआ था और मरीजों का इलाज कर रहा था।
जांच के लिए लेता था सैंपल
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी मरीजों के स्वास्थ्य की जांच के लिए ब्लड सैंपल भी लेता था। इस सैंपल की जांच के लिए उसने एक लैब से टाइअप किया हुआ था और उसकी रिपोर्ट यह खान केयर क्लीनिक के नाम से बनाए गए लैटर हैड पर निकलवाता था। टीम को जांच के दौरान यहां से कई लोगों की जांच रिपोर्ट भी मिली हैं जिन्हें भी टीम ने कब्जे में लिया है।
पुलिस के हवाले किया
ड्रग्स कंट्रोलर डॉ सुरेश वर्मा ने बताया कि आरोपी से बरामद की गई दवाओं, मेडिकल इक्यूपमेंट, ब्लड सैंपल जांच रिपोर्ट को कब्जे में लिया है और सीज कर दिया गया है । सीजर मेमो की कॉपी पुलिस को देकर आरोपी को शिवाजी नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।