Edited By Manisha rana, Updated: 17 Apr, 2026 01:24 PM

गुड़गांव के बंधवाड़ी स्थित कचरा निस्तारण प्लांट में लगी आग का असर गुडगांव में सफाई व्यवस्था पर देखने को मिल रहा है।
गुड़गांव (पवन सेठी) : गुड़गांव के बंधवाड़ी स्थित कचरा निस्तारण प्लांट में लगी आग का असर गुडगांव में सफाई व्यवस्था पर देखने को मिल रहा है। पूरे गुड़गांव ही नहीं बल्कि फरीदाबाद का कचरा भी इस प्लांट में डालने से पूरी तरह से रोक दिया गया है। अब गुडगांव में बने सभी प्राइमरी डंपिंग यार्ड भी फुल हो गए हैं और कूड़े का उठान होना पूरी तरह से बंद हो गया है। डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन कि गाड़िया भी खाली नहीं हो पा रही है, जिसके कारण गाड़िया भी डंपिंग यार्ड के बाहर खड़ी है।
आग के कारण उठ रहे धुएं ने पूरे क्षेत्र को किया प्रदूषित
नगर निगम अधिकारियों की मानें तो आग बुझाने में दमकल की एक दर्ज़न से ज्यादा गाड़ियां लगी हुई हैं, लेकिन अनुभवी दमकल कर्मी हड़ताल पर हैं और रोडवेज कर्मी, सिविल डिफेन्स वोलेटिर्स ही आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं जिसके कारण आग बुझने में समय लग रहा है। वहीं आग के कारण उठ रहे धुएं ने पूरे क्षेत्र को प्रदूषित कर दिया है, आस-पास गांव और सोसाइटी में रहने वाले लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है। वहीं आज व्यवस्था की जांच करने के लिए शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल भी गुडगांव पहुंच रहे हैं। मंत्री शहर की व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही नगर निगम अधिकारियों से दोपहर को मीटिंग भी करेंगे।
कूड़े के बने बड़े पहाड़
आपको बता दें कि बंधवाड़ी कचरा निस्तारण प्लांट में कई लाख टन कूड़े का निस्तारण किया जा रहा है। यहां गुडगांव और फरीदाबाद से रोज़ाना करीब 970 टन कूड़ा निस्तारण के लिए लाया जा रहा था, पिछले कुछ वर्ष पूर्व मशीन जलने के बाद यहाँ कचरे का निस्तारण नहीं हो पाया और कूड़े के बड़े पहाड़ बन गए। इसके बाद जिस कंपनी को निस्तारण का काम दिया गया उसका भी लम्बे समय तक विवाद चलता रहा। अब काम पटरी पर लौटने लगा था कि एक बार फिर कूड़े में आग लग गई और काम पूरी तरह से बंद हो गया। यह कोई पहला मामला नहीं है कि कूड़े में आग लगी हो, बल्कि आये दिन इस कचरा निस्तारण प्लांट में आग लगने के कारण काम ठप होने कि सूचना आती रहती है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)