Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 02 Sep, 2026 04:36 PM

धनकोट गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन साल की मासूम बच्ची की जान चली गई। नहर के पास नल से पानी भरने जा रही मां के सामने ही एक बेकाबू कार ने बच्ची को सीधी टक्कर मार दी।
गुड़गांव, (ब्यूरो): धनकोट गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन साल की मासूम बच्ची की जान चली गई। नहर के पास नल से पानी भरने जा रही मां के सामने ही एक बेकाबू कार ने बच्ची को सीधी टक्कर मार दी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पिता की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में राजेंद्रा पार्क थाने में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के एटा निवासी अनिल यादव ने पुलिस को दी शिकायत बताया कि वह पेशे से चालक है। एक सितंबर को उनकी पत्नी किरण कुमारी अपनी तीन साल की सबसे छोटी बेटी दिव्या को लेकर धनकोट नहर के पास लगे सरकारी नल से पानी भरने गई थीं। जब वे मोड़ के पास पहुंचीं, तभी सामने से आ रहे एक कार चालक ने तेजी व लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए दिव्या को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद ग्रामीणों की मदद से बच्ची और उसकी मां को तुरंत बसई स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दिव्या को मृत घोषित कर दिया। अनिल यादव के अनुसार हादसे की वजह कार के चालक रामलाल यादव की लापरवाही रही। सूचना मिलने पर धनकोट पुलिस चौकी से पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अनिल यादव की तहरीर के आधार पर आरोपी कार चालक रामलाल यादव के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और 106 (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।