आखिरकार सांसद ने भी माना गुड़गांव को नहीं मिल रहा बेहतर पानी और सड़कें: पंकज डावर

Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 02 Sep, 2026 09:33 PM

even the mp has admitted that gurgaon is not getting better water and roads

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि गुड़गांव के भाजपा के सांसद ने आखिर इस बात को मान ही लिया है कि गुड़गांव की जनता को बेहतर पानी और सड़के नहीं मिल रही।

गुड़गांव,(ब्यूरो): कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि गुड़गांव के भाजपा के सांसद ने आखिर इस बात को मान ही लिया है कि गुड़गांव की जनता को बेहतर पानी और सड़के नहीं मिल रही। इस बयान से उन्होंने अपनी पार्टी की प्रदेश में सरकार की पोल खोल दी है। कुछ दिन पहले तो यहां के एक पार्षद ने ऐसा कहने की हिम्मत दिखाई थी। अब केंद्र में मंत्री और सांसद ने भी सुविधाओं के अभाव की बात स्वीकार करके सरकार की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा कर दिया है। ऐसा होना जरूरी थी।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 


पंकज डावर ने कहा कि सांसद एवं केंद्रीय मंत्री के उस कथन से वे सहमत हैं कि जब सरकार पुराने गुड़गांव को पर्याप्त मात्रा में पानी और अच्छी सड़के नहीं दे पा रही तो फिर नए गुडग़ांव शहर को बसाकर कैसे सुविधाएं दी जाएंगीं। बिल्डर लॉबी सरकार पर हावी है। यहां बिल्डर्स ने कब्जे करके प्राकृतिक नदी-नालों को बंद करने का काम किया है। सांसद ने इस बात को कहकर उस अधिकारी की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लगाया है, जो कब्जे हटाने के नाम पर गुड़गांव की गरीब जनता के आशियानों और निर्माणों पर बुलडोजर चलवा रहे हैं। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि इसी बात में भलाई है कि सरकार बसे-बसाए गुड़गांव को उजाड़ने की बजाय यहां का इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करे, न कि नए शहर बसाने में ऊर्जा खर्च करे।

 

पंकज डावर ने राव इंद्रजीत सिंह से इस बात का भी आग्रह किया है कि वे प्रदेश सरकार से गुड़गांव में बस अड्डा और सिविल अस्पताल बनाने पर भी बात करें। वे खुद सिविल अस्पताल बनवाने को लेकर यहां समतल किए जा चुके अस्पताल परिवार का दौरा कर चुके हैं। उनकी बेटी प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री हैं। इस लिहाज से यहां के सांसद मजबूत स्थिति में हैं। दूसरा कोई मंत्री हो तो वे अपनी बात ना मानने का बहाना बन सकते हैं, लेकिन अपनी बेटी के स्वास्थ्य मंत्री रहते हुए अस्पताल के निर्माण को एक ईंच भी आगे नहीं बढ़ा पाए हैं। गुडग़ांव की जनता से उन्होंने जो वायदे किए थे, उनको पूरा करने की बजाय वे सदा आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति करते रहते हैं। इससे गुड़गांव की जनता का भला नहीं होने वाला। पंकज डावर ने कहा कि अधिकारियों को जवाबदेही का पाठ तो वे पढ़ा रहे हैं। अगर जवाबदेही नहीं हुई तो डंडा उठाने की भी बात कह रहे हैं, लेकिन उन्होंने अपने सांसद होने की जवाबदेही कभी नहीं मानी। उनके पास केंद्र में मंत्री का बड़ा पद है। समय-समय पर वे अधिकारियों के साथ बैठकें करके अनेक मुद्दों पर चर्चा करते हैं। कभी उन मुद्दों पर काम का हिसाब क्यों नहीं लेते। और अगर लेते हैं तो लापरवाही अधिकारियों पर अब से पहले उनका डंडा क्यों नहीं चला।
 

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि गुड़गांव का 60 फीसदी राजस्व प्रदेश सरकार के खजाने में जा रहा है, फिर भी शहर विकास के लिए तरस रहा है। राजस्व पर बात कर देना ही काफी नहीं है, उस राजस्व को यहां खर्च करवाकर जनता को हर सुविधा भी सांसद दिलाएं। पंकज डावर ने कहा कि सांसद जब अपनी गलती मान रहे हैं कि वे जनता की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे पाए तो अब जनता किसके आगे रोये, कहां पर हाथ फैलाए। क्योंकि प्रदेश की सरकार ने जनता को समस्याओं के समुंद्र में धकेल रखा है। सांसद खरे नहीं उतरे पाए। यहां के तीन बड़े मुद्दों-गंदगी की सफाई, दुरुस्त सड़के और जलभराव से 12 साल में मुक्ति पर कुछ नहीं हुआ है। गंदगी के ढेर पर गुडग़ांव बैठा है। टूटी सडक़ों पर वाहन कबाड़ हो रहे हैं और मॉनसून में हर बार गुड़गांव डूबता है। जनता का विश्वास खो बैठी सरकार को इस्तीफा दे देना चाहिए।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!