Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 13 Jul, 2026 07:45 AM

गुड़गांव के गढ़ी हरसरू रेलवे स्टेशन और सेक्टर-55 के एक फ्लैट में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। गढ़ी हरसरू रेलवे स्टेशन के पास आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के एक इंजीनियर ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी।
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव के गढ़ी हरसरू रेलवे स्टेशन और सेक्टर-55 के एक फ्लैट में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। गढ़ी हरसरू रेलवे स्टेशन के पास आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के एक इंजीनियर ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। जब राजकीय रेलवे पुलिस ने मामले की जांच की तो पाया कि इंजीनियर ने सेक्टर-55 में अपनी गर्लफ्रेंड की चाकू गोदकर हत्या कर दी और उसके बाद यह खौफनाक कदम उठाया। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम की सूचना इंजीनियर और युवती के परिजनों को दी गई जिसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
फिलहाल इस खौफनाक कदम के पीछे के कारण पता नहीं लग पाए हैं। राजकीय रेलवे पुलिस ने भी मामले की जांच सेक्टर-56 थाना पुलिस को सौंप दी है। वहीं, पुलिस की मानें तो इंजीनियर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ तीन दिन पहले ही सेक्टर-55 के फ्लैट में शिफ्ट हुआ था। दोनों के बीच ऐसी क्या बात हुई कि इंजीनियर ने ऐसा खौफनाक कदम उठा लिया। जांच के लिए जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे में युवती का शव खून से लथपथ पाया गया जिसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जीआरपी थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि मृतक इंजीनियर की पहचान श्रेष्ठ मलिक के रूप में हुई है जो मूल रूप से छत्तीसगढ़ के भिलई का रहने वाला था। वहीं, सेक्टर-55 के फ्लैट में मिली युवती की पहचान उत्तर प्रदेश के सीतापुर की रहने वाली इशाका के रूप में हुई है। मृतक श्रेष्ठ के भाई ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले श्रेष्ठ ने उसे बताया था कि कोई युवती उसे ब्लैकमेल कर धमकी दे रही है। यह युवती कौन थी इसके बारे में उसने कुछ नहीं बताया। इसको लेकर श्रेष्ठ काफी परेशान था। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर पूरे मामले की सच्चाई पता लगाने की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।