Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 16 Sep, 2026 08:47 PM

सोहना एलिवेटेड रोड पर बुधवार को एलान टाउन सेंटर के ठीक सामने एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे राहगीरों की मदद से केबिन से बाहर निकालकर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती...
गुड़गांव, (ब्यूरो): सोहना एलिवेटेड रोड पर बुधवार को एलान टाउन सेंटर के ठीक सामने एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे राहगीरों की मदद से केबिन से बाहर निकालकर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक गुरुग्राम से सोहना की तरफ जा रहा था और उसकी रफ्तार काफी तेज थी। अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रक एलिवेटेड रोड के बीचों-बीच दाईं ओर पलट गया। गनीमत यह रही कि दुर्घटना के वक्त आसपास गुजर रहा कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

हादसे के बाद सोहना की ओर जाने वाले मुख्य कैरिज-वे पर वाहनों का आवागमन ठप हो गया और एलिवेटेड रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बड़ी हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक को सीधा कर हाईवे से नीचे हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।