Edited By Isha, Updated: 05 Mar, 2026 04:41 PM

हरियाणा के करनाल जिले में पुलिस और डॉक्टरों के बीच विवाद ने अब एक बड़े आंदोलन का रूप ले लिया है। एक स्थानीय SHO (थाना प्रभारी) द्वारा ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के साथ कथित तौर पर की गई मारपीट
करनाल: हरियाणा के करनाल जिले में पुलिस और डॉक्टरों के बीच विवाद ने अब एक बड़े आंदोलन का रूप ले लिया है। एक स्थानीय SHO (थाना प्रभारी) द्वारा ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के साथ कथित तौर पर की गई मारपीट और बदसलूकी के विरोध में जिले के तमाम सरकारी डॉक्टरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया है। डॉक्टरों ने न केवल ओपीडी (OPD) बल्कि इमरजेंसी (Emergency) और पोस्टमार्टम सेवाएं भी पूरी तरह बंद कर दी हैं।
आज सुबह डॉक्टरों की एसोसिएशन ने एक आपातकालीन बैठक की, जिसमें प्रशासन को सख्त चेतावनी दी गई थी। डॉक्टरों ने पुलिस विभाग को आरोपी SHO और संलिप्त अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए 2 घंटे का समय दिया था। डॉक्टरों का आरोप है कि समय सीमा बीत जाने के बाद भी पुलिस अपने ही विभाग के अधिकारी को बचाने में जुटी रही और कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।
दोपहर 2:00 बजे जैसे ही अल्टीमेटम की अवधि समाप्त हुई, भारी संख्या में डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ सिविल अस्पताल के मुख्य गेट पर एकत्र हो गए। सफेद कोट पहने डॉक्टरों ने हाथों में तख्तियां लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। डॉक्टरों का कहना है कि अगर रक्षक ही भक्षक बन जाएंगे, तो डॉक्टर निर्भीक होकर काम कैसे करेंगे? जब तक दोषी SHO की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक कलम छोड़ो हड़ताल जारी रहेगी। इमरजेंसी सेवाएं बंद होने से अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल है। दूर-दराज से आए मरीजों को बिना इलाज के वापस लौटना पड़ रहा है। गंभीर रूप से घायल और बीमार मरीजों को निजी अस्पतालों की ओर रुख करना पड़ रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डॉक्टरों को मनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन डॉक्टर अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
क्या है पूरा विवाद?
सूत्रों के अनुसार, बीती रात किसी मामले की जांच या मेडिकल परीक्षण के दौरान संबंधित थाने के SHO और ड्यूटी डॉक्टर के बीच बहस हुई थी। आरोप है कि वर्दी के नशे में चूर SHO ने मर्यादा लांघते हुए डॉक्टर के साथ मारपीट की। डॉक्टर एसोसिएशन ने इसे पूरी मेडिकल बिरादरी के सम्मान पर हमला बताया है।