दशकों पुराने रिश्तों को मिली नई मजबूती, रामबिलास शर्मा का हालचाल जानने परिवार सहित पहुंचे कुलदीप बिश्नोई

Edited By Krishan Rana, Updated: 15 Jun, 2026 09:24 PM

decades old relationships gain new strength kuldeep bishnoi arrives with his fa

हरियाणा की राजनीति में दशकों पुराने रिश्तों और आपसी सम्मान की एक और झलक उस समय देखने को

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा की राजनीति में दशकों पुराने रिश्तों और आपसी सम्मान की एक और झलक उस समय देखने को मिली जब भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई अपने परिवार सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा का कुशलक्षेम पूछने उनके पंचकूला स्थित आवास पहुंचे। इस दौरान उनकी पत्नी रेणुका बिश्नोई और पुत्र भव्य बिश्नोई भी साथ रहे।

प्रो. रामबिलास शर्मा पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे हैं और स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। मुलाकात के दौरान कुलदीप बिश्नोई ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा शीघ्र स्वस्थ होने और दीर्घायु की कामना की।
हरियाणा की राजनीति में यह मुलाकात इसलिए भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी भजनलाल और प्रो. रामबिलास शर्मा के बीच लंबे समय तक आत्मीय संबंध रहे। अलग-अलग राजनीतिक दलों में होने के बावजूद दोनों नेताओं की मित्रता प्रदेश की राजनीति में चर्चित रही। जब चौधरी भजनलाल ने कांग्रेस से अलग होकर हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजका) का गठन किया था, तब भाजपा और हजका के बीच गठबंधन कराने में प्रो. रामबिलास शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। हालांकि यह राजनीतिक गठबंधन अधिक समय तक नहीं चला, लेकिन दोनों परिवारों के बीच सौहार्द और संवाद कायम रहा।

प्रो. रामबिलास शर्मा उन नेताओं में गिने जाते हैं जिन्होंने भाजपा के शुरुआती संघर्ष के दौर में भी पार्टी की विचारधारा और संगठन को मजबूत करने का कार्य किया। जब हरियाणा में भाजपा की सीटें बेहद सीमित हुआ करती थीं, तब भी वह पार्टी को अपने दम पर चुनाव लड़ने की वकालत करते रहे। उनकी यह सोच बाद में भाजपा के संगठनात्मक विस्तार की आधारशिला बनी।

देवी लाल और बंसीलाल सरकारों में मंत्री रह चुके रामबिलास शर्मा ने भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 2014 में जब भाजपा पहली बार हरियाणा में पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आई, तब वह प्रदेश संगठन की कमान संभाल रहे थे। इसके बाद मनोहर लाल सरकार में उन्होंने शिक्षा सहित कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी निभाते हुए अपनी प्रशासनिक क्षमता का परिचय दिया।

राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर हुई यह मुलाकात हरियाणा की राजनीति में व्यक्तिगत संबंधों और पुराने राजनीतिक संस्कारों की एक सकारात्मक तस्वीर के रूप में देखी जा रही है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)               


 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!